जोधपुर। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनिता बिश्नोई के आत्महत्या के प्रयास के बाद शुरू हुआ विवाद अब और गहरा गया है। एक तरफ अस्पताल में भर्ती अनिता की हालत में लगातार सुधार हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर उनके समर्थन और विरोध में बहस तेज होती जा रही है। इसी बीच अबू धाबी में केबिन क्रू के रूप में कार्यरत राजस्थान की युवती ममता चौधरी का एक वीडियो वायरल होने के बाद मामला नया मोड़ लेता नजर आ रहा है।
यह वीडियो भी देखें
धमकियां मिलने का आरोप
ममता ने दावा किया है कि अनिता बिश्नोई के सोशल मीडिया पोस्ट पर वीडियो बनाने के बाद उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने वीडियो जारी कर धमकी देने वालों को खुली चुनौती देते हुए कहा है कि वह जल्द राजस्थान आ रही हैं और किसी से डरने वाली नहीं हैं। अनिता बिश्नोई प्रकरण को लेकर सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से लगातार चर्चा चल रही है। कई लोग अनिता के पक्ष में अपनी बात रख रहे हैं तो कई लोग उनके विचारों का विरोध कर रहे हैं। इसी बीच ममता चौधरी का एक वीडियो सामने आया है, जिसने बहस को और तेज कर दिया है।

‘धमकी से डरने वाली नहीं’
ममता चौधरी का कहना है कि उन्होंने अनिता बिश्नोई के पोस्ट पर वीडियो बनाया था, जिसमें कथित तौर पर कहा गया था, ‘जो अनपढ़ औरत होती है वह घर बसाती है, पढ़ी लिखी औरत तो अक्सर कोर्ट के चक्कर कटवाती है।’ इसके साथ ही उन्होंने ‘कपड़े हो गए छोटे…’ बयान पर भी एक वीडियो बनाया था। ममता का कहना है कि इन वीडियो के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार धमकियां दी जा रही हैं। वीडियो में ममता ने कहा कि कुछ लोग उन्हें मैसेज भेजकर चेतावनी दे रहे हैं कि अनिता बिश्नोई के स्वस्थ होने के बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। ममता ने इन दावों को लेकर कहा कि वह किसी भी प्रकार की धमकी से डरने वाली नहीं हैं। वीडियो में उन्होंने एक बार फिर अनिता के विचारों पर सवाल उठाए हैं।

गौरतलब है कि ममता चौधरी की कहानी भी संघर्ष से भरी रही है। राजस्थान के एक ग्रामीण क्षेत्र से आने वाली ममता ऐसे माहौल में पली-बढ़ीं, जहां महिलाओं की भूमिका अधिकतर घर और रसोई तक सीमित मानी जाती थी। इसके बावजूद उन्होंने अपने सपनों को पूरा करने का फैसला किया। विदेश में नौकरी करने वाली वह अपने गांव की पहली महिला बताई जाती हैं। शुरुआती दौर में पासपोर्ट संबंधी समस्या के कारण उन्हें नौकरी गंवानी पड़ी और कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कुछ समय बाद वह वापस दिल्ली पहुंचीं और मॉडलिंग के क्षेत्र में काम किया। इसके बाद वर्ष 2022 में उन्हें अबू धाबी में केबिन क्रू मेंबर के रूप में नौकरी मिल गई।

उधर, जोधपुर के अस्पताल में भर्ती अनिता बिश्नोई की स्थिति में लगातार सुधार बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार वह अभी अधिक बातचीत नहीं कर पा रही हैं, लेकिन इशारों के माध्यम से संवाद कर रही हैं। चिकित्सकों का कहना है कि वह आसपास की गतिविधियों को समझ रही हैं और प्रतिक्रिया भी दे रही हैं। डॉक्टरों को उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में उनकी स्थिति और बेहतर हो सकती है।


