मानसून पर्यटन में चमका राजस्थान:देश के टॉप-15 डेस्टिनेशंस में उदयपुर तीसरे और माउंट आबू 12वें पायदान पर, केरल का मुन्नार नंबर वन

मानसून पर्यटन में चमका राजस्थान:देश के टॉप-15 डेस्टिनेशंस में उदयपुर तीसरे और माउंट आबू 12वें पायदान पर, केरल का मुन्नार नंबर वन

मानसून की आहट के साथ ही प्रमुख ट्रेवल पोर्टल ‘टिकट्स टू ट्रिप’ ने वर्ष 2026 के लिए भारत के टॉप-15 मानसून डेस्टिनेशंस की लिस्ट सूची जारी की है। इस नेशनल रैंकिंग में लेकसिटी उदयपुर को देश भर में तीसरा स्थान मिला है। खास बात यह है कि इस सूची में राजस्थान के केवल दो ही शहरों को जगह मिली है, जिसमें उदयपुर के बाद हिल स्टेशन माउंट आबू 12वें नंबर पर रहा है। इस लिस्ट में केरल का मुन्नार पहले और गोवा दूसरे स्थान पर काबिज है। मानसून केरल में दस्तक दे चुका है और जल्द ही राजस्थान सहित पूरे देश में सक्रिय होने वाला है। ऐसे में बारिश के मौसम में सैर-सपाटे की योजना बना रहे पर्यटकों के लिए उदयपुर सबसे पसंदीदा केंद्रों में से एक बनकर उभरा है। बारिश के दिनों में अरावली पर्वतमाला की वादियां पूरी तरह हरियाली की चादर ओढ़ लेती हैं। पिछोला, फतहसागर, उदयसागर और स्वरूपसागर जैसी झीलें लबालब भरने के बाद पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। सज्जनगढ़ स्थित मानसून पैलेस से बादलों, झीलों और पहाड़ों का अद्भुत नजारा दिखाई देता है। शाम के समय झीलों में नौकायन और ऐतिहासिक महलों का दीदार देशी-विदेशी पर्यटकों के अनुभव को यादगार बना देता है। राजस्थान पर्यटन विभाग भी केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के साझे में उदयपुर और माउंट आबू को बड़े मानसून डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने के लिए विशेष प्रचार अभियान चला रहा है। पर्यटन विभाग की उपनिदेशक शिखा सक्सेना ने बताया कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए पिछोला झील, फतहसागर, अरावली की वादियों और माउंट आबू की ब्रांडिंग की जा रही है। इसके अलावा दक्षिण राजस्थान के बांसवाड़ा क्षेत्र की मानसूनी खूबसूरती को भी इस बार विशेष रूप से प्रचारित किया जा रहा है, जिससे आगामी सीजन में पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *