Rajasthan News: चलते कंटेनर में लगी भीषण आग, आठ इलेक्ट्रिक कारें जलकर खाक

Rajasthan News: चलते कंटेनर में लगी भीषण आग, आठ इलेक्ट्रिक कारें जलकर खाक

रायपुर मारवाड़(पाली)। उपखंड क्षेत्र के ग्राम झूंठा के पास ब्यावर- पिंडवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग 162 पर एक कंटेनर में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे उसमें लदी इलेक्ट्रिक कारें जलकर खाक हो गईं। कंटेनर में करीब आठ इलेक्ट्रिक कारें भरी थीं, जो पाली से ब्यावर की ओर जा रही थीं।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह चलते कंटेनर में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और कंटेनर में लदी सभी कारें उसकी चपेट में आ गईं। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही समय में कंटेनर और कारें पूरी तरह जलने लगीं।

पाली से ब्यावर की ओर जा रहा था कंटेनर

सूचना पर एएसआई सुरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और दमकल वाहनों को सूचना दी। पुलिस के अनुसार कंटेनर चालक झुंझुनूं के रामपुर निवासी महेश जाट ने बताया कि वह कंटेनर लेकर पाली से ब्यावर की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में अचानक कंटेनर में आग लग गई।

कुछ समय के लिए प्रभावित यातायात

सूचना के बाद करीब एक घंटे बाद सोजत सिटी और ब्यावर से दमकल वाहन पहुंचे, तब तक कंटेनर और उसमें लदी कारें काफी जल चुकी थीं। दमकलकर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस ने मौके पर संभालते हुए सुचारू चालू करवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *