जयपुर, चार सितंबर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी. एल. संतोष ने शुक्रवार को राजस्थान में आगामी शहरी निकाय चुनावों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से सरकार के काम को जनता तक पहुंचाने और विपक्ष के ‘‘प्रचार’’ का प्रभावी ढंग से जवाब देने पर जोर दिया। संतोष ने यहां भाजपा प्रदेश मुख्यालय में संगठन की बैठकों को संबोधित किया और निकाय चुनावों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों से प्रतिक्रिया ली। पार्टी की ओर से जारी बयान के अनुसार, संतोष ने कहा कि चुनाव में प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है और उसे अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए प्रभावी ढंग से निभाना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘एक तरफ हमारी ‘डबल इंजन’ सरकारों के काम हैं और दूसरी तरफ विपक्ष की विफलताएं और आंतरिक मतभेद हैं।’’
संतोष ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करना चाहिए, ताकि जनता का समर्थन हासिल हो और राजस्थान के शहरों में ‘‘ट्रिपल इंजन सरकार’’ बने तथा वे विकास के भागीदार बन सकें। बैठकों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राष्ट्रीय महासचिव एवं निकाय चुनाव प्रभारी हरीश द्विवेदी, राजस्थान प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल और प्रदेश महासचिव (संगठन) अजय कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

