अयोध्या में तेज आंधी के साथ बारिश:कई स्थानों पर पेड़ गिरे, बिजली गुल, आम की फसल को नुकसान

अयोध्या में तेज आंधी के साथ बारिश:कई स्थानों पर पेड़ गिरे, बिजली गुल, आम की फसल को नुकसान

मौसम ने शुक्रवार तड़के अचानक करवट ली। रात करीब 12 बजे तेज आंधी के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई, जो सुबह होते-होते गरज-चमक के साथ तेज बारिश में बदल गई। बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली, हालांकि कई इलाकों में जनजीवन भी प्रभावित हुआ। भीषण गर्मी के बाद मौसम हुआ सुहावना पिछले कई दिनों से जिले में गर्मी और उमस का असर बना हुआ था। बादलों की आवाजाही के बावजूद लोगों को राहत नहीं मिल रही थी। शुक्रवार सुबह हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने राहत की सांस ली। आंधी से आम उत्पादकों की बढ़ी चिंता तेज आंधी का सबसे ज्यादा असर आम के बागों पर पड़ा। जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में पेड़ों से बड़ी संख्या में आम टूटकर जमीन पर गिर गए। इससे बागवानों और आम उत्पादकों को नुकसान उठाना पड़ा है। किसानों का कहना है कि आम की फसल पकने के अंतिम चरण में है। ऐसे समय में आई तेज हवा और बारिश से उत्पादन और गुणवत्ता दोनों प्रभावित हो सकते हैं। कई गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित आंधी और बारिश का असर बिजली व्यवस्था पर भी देखने को मिला। ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर रात से ही बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली विभाग की टीमें खराबी दूर कर आपूर्ति बहाल करने में जुटी हुई हैं। मौसम वैज्ञानिक का पूर्वानुमान साबित हुआ सही कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्रा ने पहले ही 29 से 31 मई के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई थी। उनका पूर्वानुमान सही साबित हुआ और गुरुवार रात से जिले में मौसम का रुख बदल गया। अगले दो दिन भी बने रहेंगे बारिश के आसार मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो दिनों तक जिले में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *