Rahul Gandhi के काफिले में वाहनों की टक्कर मामले में UP Police ने SIT गठित की

Rahul Gandhi के काफिले में वाहनों की टक्कर मामले में UP Police ने SIT गठित की

उत्तर प्रदेश पुलिस ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के काफिले के पीछे चल रहे वाहनों की टक्कर की घटना की जांच के लिए विशेष अन्वेषण दल (एसआईटी) गठित किया है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के निर्देश पर गठित एसआईटी घटना के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच करेगी। यह हादसा उस समय हुआ था जब राहुल गांधी सुलतानपुर में मानहानि के एक मामले में अदालत में पेश होने जा रहे थे।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, एसआईटी की अध्यक्षता लखनऊ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक किरण एस. करेंगे जबकि सुलतानपुर के अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह और सुलतानपुर के यातायात पुलिस उपाधीक्षक राम कृष्ण चतुर्वेदी इसके सदस्य होंगे। बयान के अनुसार, एसआईटी को दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच करने के साथ यह भी पता लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है कि सुरक्षा व्यवस्था या यातायात नियंत्रण में कोई लापरवाही या चूक तो नहीं हुई। बयान के मुताबिक, जांच दल को भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक उपाय सुझाने का भी निर्देश दिया गया है।

एसआईटी सभी पहलुओं की जांच कर जल्द से जल्द पुलिस मुख्यालय को विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार सुबह राहुल गांधी के काफिले में शामिल कुछ वाहन पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आपस में टकरा गए। यह घटना सुबह करीब 10 बजकर 15 मिनट पर हुई जब राहुल गांधी सुलतानपुर जा रहे थे।

अधिकारी के मुताबिक, काफिले में सबसे आगे चल रही स्थानीय कांग्रेस नेताओं की एक निजी गाड़ी ने किसी अज्ञात कारण से अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे चल रहे वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। पुलिस ने बताया कि टक्कर में शामिल कुछ वाहन रास्ते में काफिले से जुड़े थे, जिनमें पड़ोसी अमेठी जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित अन्य लोग सवार थे। अधिकारी ने बताया कि हादसे में राहुल गांधी सुरक्षित हैं।

उन्होंने बताया कि घटना गंभीर नहीं थी और इसमें किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *