पंजाब की उम्मीदें बरकरार, टॉप-4 में पहुंची:राजस्थान जीती तो प्लेऑफ खेलना पक्का; दिल्ली बाहर होने वाली चौथी टीम बनी

पंजाब की उम्मीदें बरकरार, टॉप-4 में पहुंची:राजस्थान जीती तो प्लेऑफ खेलना पक्का; दिल्ली बाहर होने वाली चौथी टीम बनी

IPL 2026 के लीग स्टेज में सिर्फ 2 मैच बाकी हैं, लेकिन अभी तक प्लेऑफ की 4 टीमें तय नहीं हुई हैं। शनिवार को पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को हराकर प्लेऑफ की उम्मीदें कायम रखीं। टीम 14 मैचों में 15 पॉइंट्स के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गई है। दूसरी ओर, पंजाब की जीत से दिल्ली प्लेऑफ से बाहर होने वाली चौथी टीम बन गई। उससे पहले लखनऊ, चेन्नई और मुंबई बाहर हो चुके हैं। रविवार को राजस्थान रॉयल्स का आखिरी लीग मैच मुंबई इंडियंस से है। टीम जीत के साथ सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। वहीं चौथे स्थान के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स की नजर अपनी जीत के साथ बाकी मुकाबलों पर भी रहेगी। पॉइंट्स टेबल की मौजूदा स्थिति… सभी टीमों का समीकरण पंजाब टॉप-4 में पहुंची पंजाब किंग्स लखनऊ को 7 विकेट से हराकर पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर आ गई है और 15 पॉइंट्स हो गए हैं। हालांकि टीम की प्लेऑफ की उम्मीदें अब भी राजस्थान रॉयल्स, मुंबई इंडियंस और कोलकाता के नतीजों पर निर्भर रहेंगी। अगर राजस्थान रविवार को मुंबई को हरा देती है, तो पंजाब प्लेऑफ की रेस से बाहर हो जाएगी। राजस्थान के पास सीधा मौका पंजाब की जीत से राजस्थान एक स्थान नीचे खिसककर 14 पॉइंट्स के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। टीम अगर मुंबई इंडियंस को हराती है तो सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। हार की स्थिति में टीम बाहर हो जाएगी। कोलकाता की उम्मीदें जिंदा कोलकाता के 13 पॉइंट्स हैं और टीम पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर है। टीम को दिल्ली के खिलाफ बड़ी जीत के साथ राजस्थान की हार की भी दुआ करनी होगी। मुंबई अगर राजस्थान को हरा देती है, तो कोलकाता के पास भी मौका रहेगा। कोलकाता को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 200 रन बनाने पर 77 रन से जीत दर्ज करनी होगी। वहीं 180 रन का टारगेट मिलने पर करीब 12 ओवर में मैच खत्म करना होगा। अगर कोलकाता ऐसा नहीं कर पाती और राजस्थान हार जाता है, तो पंजाब प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। दिल्ली भी प्लेऑफ से बाहर पंजाब की जीत के बाद दिल्ली टूर्नामेंट से बाहर होने वाली चौथी टीम बन गई। दिल्ली 12 पॉइंट्स के साथ आठवें स्थान पर है। मुंबई, चेन्नई और लखनऊ प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर हो चुकी हैं। चेन्नई सातवें, मुंबई नौवें और लखनऊ आखिरी पायदान पर हैं। बेंगलुरु और गुजरात क्वालिफायर-1 में बेंगलुरु और गुजरात के 18-18 पॉइंट्स हैं। बेहतर नेट रनरेट के आधार पर बेंगलुरु पहले और गुजरात दूसरे स्थान पर है। दोनों टीमें 26 मई को क्वालिफायर-1 में भिड़ेंगी। हैदराबाद ने भी लीग स्टेज 18 पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर खत्म किया। टीम अब एलिमिनेटर मुकाबला खेलेगी। क्वालिफायर का प्रोसेस नीचे पढ़िए… क्वालिफायर-1 पॉइंट्स टेबल की टॉप-2 टीमों के बीच खेला जाता है। हारने वाली टीम को फाइनल में पहुंचने का एक और मौका मिलता है, जबकि जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंच जाती है। एलिमिनेटर तीसरे और चौथे स्थान की टीमों के बीच खेला जाता है। इसकी विजेता टीम का मुकाबला क्वालिफायर-1 हारने वाली टीम से क्वालिफायर-2 में होता है। हारने वाली टीम बाहर हो जाती है। क्वालिफायर-2 जीतने वाली टीम फाइनल में क्वालिफायर-1 की विजेता टीम से खेलती है। टूर्नामेंट के टॉप प्लेयर्स… सुदर्शन ऑरेंज कैप होल्डर गुजरात के साई सुदर्शन 638 रन के साथ ऑरेंज कैप होल्डर बने हुए हैं। उनके बाद गुजरात के ही कप्तान शुभमन गिल 616 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं। बेंगलुरु के खिलाफ 51 रन की पारी खेलने वाले हैदराबाद के हेनरिक क्लासन 606 रन के साथ तीसरे पायदान पर आ गए हैं। पर्पल कैप में भुवनेश्वर टॉप पर बरकरार हैदराबाद-बेंगलुरु मैच के बाद पर्पल कैप में कोई बदलाव नहीं हुआ है। बेंगलुरु के भुवनेश्वर कुमार 24 विकेट के साथ पहले स्थान पर है। गुजरात कागिसो रबाडा (24 विकेट) दूसरे और चेन्नई के अंशुल कम्बोज (21 विकेट) के साथ तीसरे स्थान पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *