PSL 2026 Final: पीएसएल के फाइनल में पेशावर जाल्मी ने रविवार रात लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में हैदराबाद किंग्समेन को पांच विकेट से रौंदते हुए खिताब पर कब्जा जमा लिया। पेशावर की खिताबी जीत के हीरो एरॉन हार्डी रहे, जिन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया।
PSL 2026 Final: लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में रविवार रात पेशावर जाल्मी और हैदराबाद किंग्समेन के बीच पाकिस्तान क्रिकेट लीग का फाइनल मुकाबला खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में हैदराबाद की पहले बल्लेबाजी करते हुए 18 ओवर में 129 रनों पर ढेर हो गई। इसके जवाब में पेशावर ने 15.2 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। बाबर आजम की टीम आखिरकार 2017 के बाद पहली बार चैंपियनशिप जीतने में सफल रही।
हार्डी ने गेंद और बल्ले से किया कमाल
बता दें कि पेशावर जाल्मी ने इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। वह पूरे सीजन में सिर्फ एक मैच ही हारी। फाइनल में लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआती तीन विकेट गंवाने के बाद टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाने के लिए एरॉन हार्डी ने 39 गेंदों पर 56 रन और अब्दुल समद ने 34 गेंदों पर 48 रन की शानदार पारियां खेलीं। जाल्मी एक समय 33/3 के स्कोर पर थी। हार्डी और समद के बीच 85 रनों की साझेदारी ने जीत पक्की कर दी और ट्रॉफी का रास्ता साफ कर दिया।
इससे पहले जाल्मी की गेंदबाजी यूनिट ने कमाल दिखाया। जब हार्डी (4/27), नाहिद राणा (2/22) और सूफियान मुकीम (1/23) ने विपक्षी टीम की रनों की रफ़्तार पर ब्रेक लगा दिया। विरोधी टीम 71/2 के स्कोर पर थी। वहां से सिर्फ दो रनों के भीतर ही 4 विकेट गिर गए। सैम अयूब ने 50 गेंदों में 54 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से किसी का साथ नहीं मिला। हार्डी को हरफनमौला प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।
बाबर आजम ने बनाए सबसे ज्यादा रन
यह जीत न सिर्फ पेशावर के लिए, बल्कि एक तरह से पाकिस्तान के लिए भी बहुत बड़ी है, जो बाबर आजम की शानदार फॉर्म में वापसी का ऐलान करती है। कप्तान टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे, भले ही वे फाइनल में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। उन्होंने 73 की औसत और 145 के स्ट्राइक रेट से 588 रन बनाए, जिसमें दो शतक भी शामिल हैं। 31 साल का यह खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खराब दौर से गुजर रहा था, जिसमें टी20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन भी शामिल था। लेकिन, अब वह टी20 इंटरनेशनल टीम में ज्यादा आत्मविश्वास और बड़ी जिम्मेदारी के साथ वापसी कर सकते हैं।
प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे सूफियान मुकीम
पेशावर जाल्मी के 26 साल के रिस्ट स्पिनर सूफियान मुकीम इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी रहे। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज के अवॉर्ड से नवाजा गया। 14 मैचों में उन्होंने 14 के औसत से 22 विकेट लिए। उनकी चालाकी और स्पिन का सामना करना किसी के लिए भी आसान नहीं रहा।
Sports – Patrika | CMS


