मध्य प्रदेश नामदेव समाज विकास परिषद के प्रांतीय निर्वाचन 2026-29 शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो गए। चुनाव प्रक्रिया के तहत महामंत्री पद पर आम सहमति बनने से इंदौर के सुभाष चंद्र वर्मा को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया, जबकि अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पद के लिए मतदान कराया गया। मुख्य चुनाव अधिकारी अजय कुमार नामदेव (एडवोकेट) के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए गाडरवारा के राजेंद्र कुमार नामदेव और गुना के अरुण नामदेव के बीच मुकाबला हुआ। वहीं कोषाध्यक्ष पद के लिए भोपाल के भीकम सिंह नामदेव और ओपी नामदेव मैदान में थे। रविवार दोपहर 1 बजे से शाम 6 बजे तक नामदेव समाज सामुदायिक भवन में मतदान हुआ। मतदान समाप्ति के बाद मतपेटियों को प्रत्याशियों और चुनाव अधिकारियों की मौजूदगी में सील कर शाम 7 बजे से मतगणना शुरू की गई। देर रात करीब 1 बजे अंतिम परिणाम घोषित किए गए। परिणामों में अध्यक्ष पद पर राजेंद्र कुमार नामदेव ने 106 मतों से जीत दर्ज की। कोषाध्यक्ष पद पर भीकम सिंह नामदेव 246 मतों से विजयी रहे। वहीं महामंत्री पद पर सुभाष चंद्र वर्मा पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके थे। 1237 मतदाताओं ने किया मतदान परिषद के अनुसार 3508 आजीवन एवं संरक्षक सदस्यों में से करीब 1237 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान पहचान सत्यापन, मतपत्र वितरण और मतदान कक्ष की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं। मतदाताओं की पहचान आधार कार्ड सहित अन्य वैध दस्तावेजों से सुनिश्चित की गई। पूरे प्रदेश से पहुंचे समाजजन मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में समाज के सदस्य भोपाल पहुंचे और शांतिपूर्ण माहौल में मतदान किया। निर्वाचन समिति ने सभी मतदाताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए इसे पारदर्शी और सफल प्रक्रिया बताया। सुरक्षा और प्रबंधन रहा मजबूत निर्वाचन को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए तीन सहायक चुनाव अधिकारी, तीन पर्यवेक्षक और तीन सुरक्षा प्रभारियों की नियुक्ति की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था में भोपाल पुलिस और टीटी नगर थाना का सहयोग लिया गया। मीडिया प्रभारी की भूमिका सराही मुख्य चुनाव अधिकारी अजय कुमार नामदेव ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से पूरी की गई। उन्होंने मीडिया प्रभारी शिवरतन नामदेव के प्रयासों की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके माध्यम से समाज के लोगों तक समय पर जानकारी पहुंच सकी।


