बाबा साहेब का बोर्ड हटाने पर विरोध:बुलंदशहर में कलेक्ट्रेट पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

बाबा साहेब का बोर्ड हटाने पर विरोध:बुलंदशहर में कलेक्ट्रेट पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

बुलंदशहर के वलीपुरा गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर का बोर्ड हटाए जाने के विरोध में सोमवार को ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। भीम आर्मी के मंडल अध्यक्ष रोहित गौतम के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से बोर्ड दोबारा लगवाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि गांव में निजी जमीन पर बाबा साहेब का बोर्ड स्थापित किया गया था, जिसे कुछ लोग लगातार हटा रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, यह बोर्ड 12 अप्रैल को लगाया गया था, लेकिन उसके बाद इसे कई बार उखाड़ा जा चुका है। उन्होंने बताया कि सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे जेसीबी मशीन का उपयोग कर बोर्ड को फिर से हटा दिया गया। कई बार अधिकारियों से संपर्क प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर करोड़ों लोगों के लिए सम्मान का प्रतीक हैं। उनके बोर्ड को बार-बार हटाना दलित समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बोर्ड लगाने की अनुमति के लिए कई बार अधिकारियों से संपर्क किया गया, लेकिन हर बार मामले को टाल दिया गया। भीम आर्मी के मंडल अध्यक्ष रोहित गौतम ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बोर्ड दोबारा स्थापित नहीं किया गया और आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी भी हुई। बाद में प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की। प्रशासनिक अधिकारियों ने इस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *