महाराष्ट्र मंडल में 6 जून को छत्रपति शिवाजी महाराज राज्याभिषेक दिवस के अवसर पर शिवाजी महाराज की सिंहासनासीन प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे, जबकि महापौर मीनल चौबे विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगी। आयोजन को भव्य बनाने के लिए मंडल के पदाधिकारियों और विभिन्न समितियों की बैठक आयोजित कर तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में सचिव चेतन दंडवते ने बताया कि राज्यपाल के आगमन को देखते हुए सुरक्षा और प्रोटोकॉल के सभी निर्देशों का पालन किया जाएगा। राजभवन की सुरक्षा और प्रशासनिक टीम के साथ समन्वय बनाकर कार्यक्रम को सुचारू रूप से आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। मंच और सभागृह की व्यवस्थाओं को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। स्वागत से लेकर ट्रैफिक तक, कई समितियों को सौंपी जिम्मेदारी
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए स्वागत, बैठक व्यवस्था, मंच, प्रतिमा अनावरण, चित्र प्रदर्शनी, रंगोली, नाश्ता, पार्किंग और ट्रैफिक सहित कई समितियों का गठन किया गया। मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने पदाधिकारियों से अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रम में लाने की अपील करते हुए सभागृह को पूरी तरह भरने का लक्ष्य रखा। प्रतिमा अनावरण के बाद मंचित होगा ‘शिव शौर्य’ नाटक
प्रतिमा अनावरण समारोह के बाद अभिषेक विद्याधर बक्षी के निर्देशन में हिंदी नाटक ‘शिव शौर्य’ का मंचन किया जाएगा। बैठक के अंत में उपाध्यक्ष गीता श्याम दलाल ने सभी पदाधिकारियों से समय से पहले पहुंचकर जिम्मेदारियां संभालने और व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया।


