प्रधानपति ने रंगदारी न देने पर लगाया फायरिंग का आरोप:आरोपियों ने की ईंट-पत्थरबाजी, हरियावां थाना के हिंगुआपुर का मामला

प्रधानपति ने रंगदारी न देने पर लगाया फायरिंग का आरोप:आरोपियों ने की ईंट-पत्थरबाजी, हरियावां थाना के हिंगुआपुर का मामला

हरदोई के हरियावां थाना क्षेत्र के हिंगुआपुर गांव में ग्राम प्रधानपति रजनीश कुमार दीक्षित ने रंगदारी न देने पर फायरिंग और पथराव करने का आरोप लगाया है। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। मामले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग ईंट-पत्थर फेंकते दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित रजनीश कुमार दीक्षित के अनुसार, 27 मई की रात करीब 11 बजे वे अपने घर के बाहर बैठे थे। तभी पड़ोसी गांव कपूरपुर चौधी निवासी एक व्यक्ति अपने साथी के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने उनसे रंगदारी मांगी और गाली-गलौज की। रजनीश का कहना है कि विरोध करने पर आरोपियों ने खुद को जिले का बड़ा हिस्ट्रीशीटर बताते हुए 10 मिनट में देख लेने की धमकी दी और वहां से चले गए। पत्नी और बच्चों ने घर के अंदर खींचकर बचाई जान प्रधानपति का आरोप है कि करीब आधे घंटे बाद दोनों आरोपी छह अन्य साथियों के साथ तीन बाइकों पर वापस लौटे। सभी के पास तमंचे थे। उन्होंने जान से मारने की नीयत से चार राउंड हवाई फायरिंग की, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग के दौरान रजनीश दीक्षित की पत्नी रेखा देवी और बच्चों ने उन्हें तुरंत घर के अंदर खींच लिया और दरवाजा बंद कर दिया। आरोप है कि इसके बाद भी हमलावरों ने घर पर काफी देर तक ईंट-पत्थर बरसाए। ग्रामीण जुटे तो आरोपी भागे फायरिंग और पथराव की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे। खुद को घिरता देख आरोपी एक सप्ताह के भीतर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित प्रधानपति ने गुरुवार को थाने में शिकायत पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *