भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 18 जून को बैतूल आएंगी। वे प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भाग लेंगी। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। गुरुवार को कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे और पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस ग्राउंड में प्रस्तावित हेलीपैड स्थल का भी जायजा लिया। प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, मंच, आगमन-निर्गमन मार्ग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। वेलनेस पर केंद्रित एक कार्यक्रम होगा
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने बताया कि ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा आदिवासी विकास और वेलनेस पर केंद्रित एक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। ‘आध्यात्मिक जागृति से जनजातीय समाज का सशक्तिकरण’ विषय पर आधारित इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। राष्ट्रपति का आध्यात्मिक जुड़ाव रहा है
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का ब्रह्माकुमारी संस्थान से लंबे समय से आध्यात्मिक जुड़ाव रहा है। वे नियमित रूप से राजयोग ध्यान का अभ्यास करती हैं और संस्थान के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में शामिल होती रही हैं। उन्होंने विभिन्न मंचों से आध्यात्मिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और विश्व बंधुत्व की भावना को बढ़ावा देने की बात कही है। नई दिल्ली के भारत मंडपम और राजस्थान के आबूरोड में आयोजित संस्थान के प्रमुख कार्यक्रमों में भी उनकी सक्रिय सहभागिता रही है। हालांकि, कार्यक्रम में राष्ट्रपति के साथ कौन-कौन से विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे, इसकी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। ब्रह्माकुमारी संस्थान के राष्ट्रीय और स्थानीय प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा करने से इनकार किया है। प्रशासनिक तैयारियों के बीच अब कार्यक्रम के अंतिम स्वरूप और विस्तृत कार्यक्रम का इंतजार किया जा रहा है।


