बुरहानपुर में हीट स्ट्रोक क्लीनिक शुरू:लू से बचाव की तैयारी; जिला अस्पताल सहित 5 केंद्रों पर ORS कॉर्नर

बुरहानपुर में हीट स्ट्रोक क्लीनिक शुरू:लू से बचाव की तैयारी; जिला अस्पताल सहित 5 केंद्रों पर ORS कॉर्नर

इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े के निर्देश पर बुरहानपुर जिले में सोमवार से हीट स्ट्रोक क्लीनिक शुरू कर दिए गए हैं। ये क्लीनिक जिला अस्पताल सहित शाहपुर, खकनार, नेपानगर और लालबाग के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्थापित किए गए हैं। इन क्लीनिकों में ओआरएस कॉर्नर, कूलर, पंखे और बेड आरक्षित किए गए हैं, ताकि लू या तापघात से पीड़ित मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके। मरीजों के लिए 108 एंबुलेंस की निशुल्क व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके वर्मा ने बताया कि जिले में बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अपनी सतर्कता बढ़ा दी है। गर्मी और संभावित लू के प्रभाव से लोगों को सुरक्षित रखने के लिए विभाग द्वारा एक विशेष एडवाइजरी भी जारी की गई है। यह पहल नेशनल प्रोग्राम ऑन क्लाइमेट चेंज एंड ह्यूमन हेल्थ के तहत की जा रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य बदलते मौसम के कारण होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति आमजन को जागरूक करना है। चक्कर आना, उल्टी, सिरदर्द, बुखार जैसे मरीज आ रहे
स्वास्थ्य विभाग वर्तमान गर्मी के मौसम में संभावित स्वास्थ्य समस्याओं के मद्देनजर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहा है। विभाग के अनुसार, अत्यधिक तापमान के कारण हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, उल्टी, सिरदर्द, बुखार, थकान और त्वचा संबंधी कई समस्याएं होने की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और लंबे समय तक धूप में काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। जिले में तापमान लगातार उच्च बना हुआ है। पिछले चार दिनों से अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। 1 मई को अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस था, जबकि 2 मई को यह अधिकतम 40 और न्यूनतम 25 डिग्री पर आ गया। वहीं, रविवार और सोमवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री पर कायम रहा। तेज गर्मी के कारण प्रतिदिन दोपहर एक बजे से शाम करीब 5 बजे तक बाजारों में सन्नाटा पसरा रहता है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *