बिधनू में पीआरडी जवानों पर दबंगई का आरोप::शराब पीने से रोकने पर दुकानदार को बेरहमी से पीटा, बेल्ट उतारकर धमकी दी

बिधनू में पीआरडी जवानों पर दबंगई का आरोप::शराब पीने से रोकने पर दुकानदार को बेरहमी से पीटा, बेल्ट उतारकर धमकी दी

कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र में पीआरडी जवानों पर वर्दी की हनक दिखाते हुए एक दुकानदार के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप सामने आया है। घटना कठेरुआ पार्किंग क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां चाय-नमकीन की दुकान चलाने वाले दुकानदार ने बिधनू थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना का वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, बिधनू थाना क्षेत्र के कठेरुआ पार्किंग में दुकानदार शुभम की चाय और नमकीन की दुकान है। पीड़ित शुभम ने बिधनू थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि देर शाम उसकी दुकान के पास दो पीआरडी जवान शराब पी रहे थे। दुकानदार ने जब सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने का विरोध करते हुए उन्हें ऐसा करने से मना किया, तो दोनों आगबबूला हो गए। आरोप है, कि विवाद बढ़ने पर दोनों पीआरडी जवानों ने दुकानदार के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मारपीट करने लगे। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने वर्दी का रौब दिखाते हुए बेल्ट उतारकर धमकाया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पीड़ित शुभम ने आरोप लगाया कि मारपीट करने वालों में पीआरडी जवान नीरज और आशीष शामिल हैं। बताया जा रहा है कि नीरज की वर्तमान ड्यूटी जाजमऊ थाने में तैनात है, जबकि आशीष कलेक्टरगंज थाने में ड्यूटी कर रहा है। घटना के बाद पीड़ित ने बिधनू थाने पहुंचकर तहरीर देते हुए न्याय की गुहार लगाई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर का बयान- बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि घटना से संबंधित वीडियो उनके संज्ञान में आया है। वीडियो का परीक्षण किया जा रहा है और पूरे मामले की गहनता से जांच कराई जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *