प्रयागराज जनपद के जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) और स्काउट एवं गाइड प्रयागराज के मुख्य आयुक्त पीएन सिंह के स्थानांतरण के बाद सोमवार को उनका विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। केपी इंटर कॉलेज के सभागार में हुए इस कार्यक्रम में जिले भर के शिक्षक, शिक्षक नेता, विद्यालय प्रबंधक, प्रधानाचार्य, स्काउट एवं गाइड के सदस्य और शिक्षा विभाग से जुड़े बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। पीएन सिंह का स्थानांतरण उप शिक्षा निदेशक (डीडीआर) लखनऊ के पद पर हुआ है। विदाई समारोह के दौरान वक्ताओं ने उनके कार्यकाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि पीएन सिंह ने प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन सरल और प्रभावी तरीके से किया तथा शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपने संबोधन में पूर्व डीआईओएस पीएन सिंह ने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और शिक्षा विभाग से जुड़े लोगों का सहयोग और स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि प्रयागराज प्रदेश के बड़े जिलों में शामिल है और यहां कार्य करना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन सभी के सहयोग और विश्वास से कार्य आसान होता गया। पीएन सिंह ने कहा कि उनकी कोशिश हमेशा यही रही कि किसी शिक्षक, प्रधानाचार्य, प्रबंधक या कर्मचारी का कोई काम लंबित न रहे। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि वेतन भुगतान और अन्य प्रशासनिक कार्य समय पर पूरे हों, जिससे शिक्षकों और कर्मचारियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने प्रयागराज में मिले सहयोग और सम्मान को हमेशा याद रखने की बात कही। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षा अधिकारी शिव सेवक सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार, माध्यमिक शिक्षा परिषद के उपसचिव रमाकांत सिंह, प्रधानाचार्य परिषद के अध्यक्ष डॉ. पी.पी. सिंह सहित कई शिक्षाविद, शिक्षक नेता और प्रबंधक उपस्थित रहे। सभी ने पीएन सिंह के कार्यों, व्यवहार और सभी को साथ लेकर चलने की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।


