Prakash Raj On Cockroach Janta Party Vs BJP: साउथ से लेकर बॉलीवुड तक अपनी दमदार एक्टिंग और बेबाक बयानों के लिए मशहूर अभिनेता प्रकाश राज एक बार फिर चर्चा में हैं। लेकिन इस बार वजह कोई फिल्म या राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ है। इंटरनेट पर छाए इस नए सटायर मूवमेंट को लेकर प्रकाश राज ने ऐसा रिएक्शन दिया है जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का मूवमेंट हुआ वायरल (Prakash Raj On Cockroach Janta Party)
दरअसल पिछले कुछ दिनों से इंस्टाग्राम पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम का एक पेज तेजी से वायरल हो रहा है। यह कोई असली राजनीतिक दल नहीं बल्कि युवाओं के गुस्से, बेरोजगारी, पेपर लीक और सिस्टम से नाराजगी को मीम्स और व्यंग्य के जरिए दिखाने वाला डिजिटल कैंपेन है। इस पेज ने महज कुछ दिनों में करोड़ों फॉलोअर्स जुटाकर सोशल मीडिया की दुनिया में हलचल मचा दी।
प्रकाश राज ने जताई खुशी
इसी बीच प्रकाश राज ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए इस पूरे मुद्दे पर खुशी जाहिर की। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए इशारों-इशारों में लिखा कि युवाओं की ताकत को कभी कम नहीं आंकना चाहिए। उनका पोस्ट देखते ही देखते वायरल हो गया और लोगों ने इसे मौजूदा माहौल पर बड़ा तंज माना।
प्रकाश राज लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखते आए हैं। कई बार उनके बयान विवादों में भी रहे, लेकिन अभिनेता कभी पीछे नहीं हटे। इस बार भी उन्होंने सीधे तौर पर कुछ न कहते हुए ऐसा संदेश दिया जिसे सोशल मीडिया यूजर्स ने तुरंत समझ लिया। कई लोगों ने उनके पोस्ट का समर्थन किया तो कुछ यूजर्स ने उन्हें ट्रोल करने की भी कोशिश की।
अमेरिका में पढ़ रहे भारतीय छात्र ने की शुरुआत
बताया जा रहा है कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की शुरुआत अमेरिका में पढ़ रहे एक भारतीय छात्र ने मजाकिया अंदाज में की थी। लेकिन धीरे-धीरे ये ऑनलाइन अभियान युवाओं की आवाज बनता चला गया। इस पेज पर सिस्टम की खामियों और राजनीतिक संस्कृति पर तीखे व्यंग्य वाले मीम्स और रील्स शेयर किए जा रहे हैं।
प्रकाश राज का यह रिएक्शन इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि अभिनेता अक्सर युवाओं और अभिव्यक्ति की आजादी के समर्थन में बोलते रहे हैं। उन्होंने पहले भी कई मुद्दों पर सरकार और व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। यही वजह है कि उनका हर सोशल मीडिया पोस्ट कुछ ही मिनटों में वायरल हो जाता है।



