हिन्दू लड़के सूर्या की हत्या पर सियासत तेज, मायावती ने जताई चिंता, डिप्टी सीएम बोले- हत्यारा कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा

हिन्दू लड़के सूर्या की हत्या पर सियासत तेज, मायावती ने जताई चिंता, डिप्टी सीएम बोले- हत्यारा कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा

Surya Murder Case: गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में 11वीं के छात्र सूर्या की हत्या के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। बसपा मुखिया मायावती और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने भी प्रतिक्रिया दी है। मायावती ने ट्वीट कर लिखा है कि गाजियाबाद के खोड़ा में नौजवान सूर्या चौहान की हत्या बहुत दुखद और चिंताजनक है। सरकार और पुलिस को ऐसी रोज़-रोज़ की घटनाओं को रोकने के लिए सही कदम उठाने चाहिए। साथ ही, अपराधियों को पहचानकर उन्हें कड़ी कानूनी सजा दी जानी चाहिए।

डिप्टी सीएम ने दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हत्यारा कोई भी हो उसे छोड़ा नहीं जाएगा। उसे खोज निकाला जाएगा। हत्या करने वालों को फांसी पर चढ़ाने के लिए जो कार्रवाई होती है वो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सरकार कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर है। जिन लोगों ने ऐसा अपराध किया है उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।

जानिए कैसे हुई थी वारदात

पुलिस के अनुसार यह घटना गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र स्थित नवनीत विहार कॉलोनी की है। ईद के दिन 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले सूर्या पर चाकू से हमला किया गया। आरोप उसके दोस्त असद और उसके साथियों पर है। बताया गया है कि ‘पहले सूर्या के पेट में चाकू मारा गया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद वह जान बचाने के लिए करीब 200 मीटर तक भागा।’ आरोप है कि हमलावरों ने उसका पीछा किया, उसे पकड़कर गिरा दिया और फिर कई बार चाकू से वार किए। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।

दोस्त के बुलाने पर गया था सूर्या

परिजनों और पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक, घटना वाले दिन सूर्या अपने दोस्तों विक्की और आयुष के साथ घर के पास घूम रहा था। इसी दौरान असद का फोन आया। आरोप है कि उसने बकरीद पर मिलने के लिए सूर्या को गली नंबर दो में बुलाया। इसके बाद सूर्या अपने दोनों दोस्तों के साथ असद के घर की ओर चला गया। कुछ समय बाद वहां जो हुआ, उसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक के भाई यश चौहान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका परिवार मूल रूप से एटा जिले के सुखवाबाद का रहने वाला है। वर्तमान में वे खोड़ा में रहते हैं। परिवार में मां, बहन और सूर्या साथ रहते थे। उनके पिता कौशलेंद्र का पहले ही निधन हो चुका है। सूर्या परिवार की उम्मीदों का सहारा था और 11वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। उसकी मौत के बाद परिवार सदमे में है।

पुलिस की कार्रवाई जारी

सूर्या की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दी हैं। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि मुख्य आरोपी असद अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *