गुरुग्राम में पुलिसकर्मी ने युवक को थप्पड़ जड़ा,VIDEO:कैंटर में लगी आग देखकर रिकॉर्ड कर रहा था, कॉन्स्टेबल बोला- पानी की बाल्टी लेकर आ

गुरुग्राम में पुलिसकर्मी ने युवक को थप्पड़ जड़ा,VIDEO:कैंटर में लगी आग देखकर रिकॉर्ड कर रहा था, कॉन्स्टेबल बोला- पानी की बाल्टी लेकर आ

गुरुग्राम में एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने एक युवक को थप्पड़ जड़ दिया। युवक का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने सड़क पर जलते हुए कैंटर को देखकर अपनी बाइक रोकी और उसका वीडियो बनाने लगा। तभी वहां मौजूद पुलिसकर्मी उसके पास आया और उसे थप्पड़ मार दिया। साथ ही कहा कि पानी की बाल्टी लेकर आ। इस पूरी घटना का वीडियो सामने आया है। युवक ने पुलिस अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। जब इस मामले में उस पुलिसकर्मी से बात की गई, तो उसने थप्पड़ मारने की बात से इनकार कर दिया। पुलिसकर्मी ने कहा कि उसने सिर्फ मदद करने के लिए कहा था। वहीं, ACP ट्रैफिक सतपाल सिंह ने कहा कि जांच में जो भी सामने आएगा, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, इसी पुलिसकर्मी का एक और वीडियो सामने आया है कि जिसमें वह कैंटर के ऊपर चढ़कर आग बुझाने में मदद करता दिख रहा है। पहले जानिए युवक ने क्या बताया…. फरीदाबाद से गुरुग्राम आया था फरीदाबाद के रहने वाले विशाल ने बताया कि मैं CCTV कैमरे लगाने और रिपेयरिंग का काम करता हूं। मंगलवार दोपहर को मैं काम से गुरुग्राम आया था। दोपहर 3 बजे मैं घाटा के पास से गुजर रहा था। वहां सड़क पर एक कैंटर में आग लगी हुई थी। आग देखकर मैंने अपनी बाइक रोक ली और फोन निकालकर वीडियो बनाने लगा। पुलिसकर्मी बोला- वीडियो क्यों बना रहा है विशाल ने आगे बताया कि तभी वहां ड्यूटी कर रहे एक ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी ने मुझे वीडियो बनाते हुए देख लिया। वह पुलिसकर्मी तुरंत मेरे पास आया और मुंह पर एक थप्पड़ मार दिया। उस पुलिसकर्मी ने चिल्लाकर कहा, “वीडियो क्यों बना रहा है? आग बुझाने के लिए पानी की बाल्टी लेकर आ।” मैंने यह पूरा घटनाक्रम अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। न्याय पाने के लिए मैंने यह वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया। कॉन्स्टेबल बोला- मैंने थप्पड़ नहीं मारा थप्पड़ मारने वाले पुलिसकर्मी की पहचान कॉन्स्टेबल सचिन के तौर पर हुई है। जब इस विवाद को लेकर दैनिक भास्कर ने सचिन से बात की, तो उसने कहा- कैंटर में आग लगी देखकर मैंने राहगीरों से मदद की अपील की थी। कैंटर में रद्दी थी, जिससे आग तेजी से भड़क रही थी। कुछ युवक वीडियो बना रहे थे, उन्हें भी वीडियो बंद करके मदद करने के लिए कहा था। मैंने किसी को थप्पड़ नहीं मारा। यह हमारी नैतिक जिम्मेदारी है कि मुसीबत में फंसे लोगों की मदद करें। कैंटर और अंदर फंसे ड्राइवर को बचाने की कोशिश की जा रही थी, ताकि आग न फैले। ACP बोले- मामले की जांच कर रहे ACP हेडक्वार्टर ट्रैफिक सतपाल ने बताया कि यह मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में है और मामले की जांच की जा रही है। सभी पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश हैं कि वे ‘मित्र पुलिस’ के रूप में काम करें। आमजन से अच्छा व्यवहार हमारी ड्यूटी का हिस्सा है। इसमें किसी तरह की कोई रियायत नहीं है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *