हरियाणा के हांसी जिले के सोरखी गांव में एक एससी समुदाय के युवक के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कुछ युवक एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते और उसे पैर बांधकर कुएं में उल्टा लटकाते हुए दिख रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और गुरुवार रात पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराया गया। सोरखी चौकी इंचार्ज इंस्पेक्टर पवित्र कुमार ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला पुलिस के संज्ञान में आया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि वीडियो में दिख रहा युवक सोरखी निवासी बारूराम है। इंस्पेक्टर कुमार के अनुसार, घटना के समय पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली थी। हालांकि, रुक्का मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पीड़ित को हांसी के सामान्य अस्पताल भेजा और उसका मेडिकल परीक्षण करवाया। मेडिकल रिपोर्ट और पीड़ित के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस वायरल वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान भी कर रही है। जानिए युवक ने पुलिस को दिए बयान में क्या कहा… मैं ग्रिल व गेट बनाता हूं : पीड़ित बारूराम ने बताया कि वह स्टील की ग्रिल और गेट बनाने का काम करता है। उसने बताया कि यह घटना 1 जून को हुई थी, जब वह अपने एक परिचित के साथ भाटोल गांव की ओर जा रहा था। रास्ते में शौच के लिए रुकने पर गांव के कुछ युवकों ने उसे “चोर-चोर” कहकर पकड़ लिया। मुझे मारा-पीटा गया और पुलिस के हवाले किया : बारूराम के अनुसार, इसके बाद अन्य युवकों को भी मौके पर बुला लिया गया और उसके साथ जमकर मारपीट की गई। युवकों ने उसके हाथ-पैर बांधकर उसे कुएं में उल्टा लटका दिया और काफी देर तक प्रताड़ित किया। बाद में उसे डायल-112 पुलिस टीम के हवाले कर दिया गया, जो उसे चौकी ले गई। पूछताछ के बाद शाम को उसे छोड़ दिया गया था। घटना से जुड़ी तस्वीरें… पुलिस बोली- वीडियो बना जांच का आधार घटना का वीडियो अब पुलिस जांच का अहम आधार बन गया है। वीडियो में युवक के साथ की गई मारपीट और अमानवीय व्यवहार साफ दिखाई दे रहा है। पुलिस का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुटी हुई है और पीड़ित के बयानों के आधार पर केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


