औरैया में हाईवे पर गश्त पर निकली पुलिस जीप को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में दरोगा दिनेश भदौरिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हेड कांस्टेबल सुरेश और हेड कांस्टेबल मनोज गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस जीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई और पूरी तरह पिचक गई। लोगों और पुलिस की मदद से तीनों पुलिसकर्मियों को जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उप निरीक्षक दिनेश भदौरिया, निवासी फतेहपुर, आगरा को मृत घोषित कर दिया। वहीं हेड कांस्टेबल सुरेश, निवासी हमीरपुर और सिपाही मनोज, निवासी झांसी भर्ती हैं। हादसा बुधवार रात मिहौली फ्लाईओवर बाईपास पर हुआ। हादसे के बाद ट्रक चालक (HR38AL4334) छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही एसपी समेत कई थानों का बल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मृतक उप निरीक्षक दिनेश भदौरिया हाईवे पर गश्त ड्यूटी कर रहे थे। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


