मैनपुरी में बुधवार देर रात यूथ कांग्रेस ने पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय से पैदल मार्च निकाला, जो शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा। इस दौरान उन्होंने पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर लोगों को ‘मेलोडी’ टॉफियां बांटीं। कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी के झंडे लेकर महंगाई के खिलाफ नारेबाजी भी की। पेट्रोल पंपों पर डीजल और पेट्रोल लेने आए वाहन चालकों को मेलोडी टॉफी देते हुए कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राहुल कठेरिया ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इसका सीधा असर मध्यम वर्ग और किसानों पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में विफल रही है। राहुल कठेरिया ने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव के दौरान सरकार दावा कर रही थी कि देश में पेट्रोल-डीजल का कोई संकट नहीं है, लेकिन अब कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले समय में ईंधन की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है। मेलोडी टॉफी बांटने के पीछे के कारण बताते हुए राहुल कठेरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को मेलोडी टॉफी दिए जाने की चर्चा हुई थी। इसी को प्रतीक बनाकर यूथ कांग्रेस ने यह प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि जनता महंगाई से परेशान है और सरकार विदेश दौरों में व्यस्त है। कठेरिया ने आरोप लगाया कि देश में आम जनता पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से परेशान है, जबकि बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता महंगे ईंधन के कारण आर्थिक बोझ झेल रही है, वहीं दूसरी ओर पेट्रोल-डीजल का निर्यात किया जा रहा है। वहीं शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नागेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि पेट्रोल और डीजल के बढ़े हुए दाम तुरंत कम किए जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार ने आम लोगों को राहत देने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज महंगाई लगातार बढ़ रही है। नागेश सिंह ने कहा कि पहले आम लोगों को हवाई यात्रा कराने की बात कही जाती थी, लेकिन अब हालत यह है कि लोग रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने सोने की बढ़ती कीमतों और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और महंगाई पर जल्द नियंत्रण करने की मांग की। यूथ कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पेट्रोल-डीजल के दामों में कमी नहीं की गई तो आगे भी आंदोलन जारी रहेगा।


