कोठी बाजार में अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग पर पुलिस की कार्रवाई

कोठी बाजार में अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग पर पुलिस की कार्रवाई

-5 लोगों पर पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई, 12 वाहनों के काटे चालान।

बैतूल। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखन0े और आमजन को हो रही परेशानियों से राहत दिलाने के उद्देश्य से कोठी बाजार क्षेत्र में कोतवाली पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग और सडक़ बाधित करने वालों पर कार्रवाई की। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में की गई।
पुलिस द्वारा कोठी बाजार क्षेत्र में सडक़ किनारे अव्यवस्थित रूप से वाहन खड़े करने वाले वाहन चालकों, सडक़ पर ठेला लगाकर मार्ग अवरुद्ध करने वाले व्यक्तियों तथा दुकानों के बाहर सामान फैलाकर रखने वाले व्यापारियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने भी सहयोग किया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में चल रहे नाली निर्माण कार्य के चलते ठेकेदार द्वारा सडक़ पर रेत और गिट्टी अव्यवस्थित तरीके से फैलाई गई थी, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था और राहगीरों को परेशानी हो रही थी। इस पर कोतवाली पुलिस ने ठेकेदार सतीश सिंह के खिलाफ धारा 34 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान कुल 5 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 34 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई, जबकि 12 वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। इधर, शनिवार शाम को भी पुलिस ने कोठीबाजार क्षेत्र में दोपहिया वाहनों के विरूद्ध कार्रवाई की। सडक़ किनारे अव्यवस्थित खड़े वाहनों को टोईंग किया गया। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने आमजन, व्यापारियों और वाहन चालकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, सडक़ पर अतिक्रमण न करें और निर्माण सामग्री व्यवस्थित तरीके से रखें, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे तथा नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
शहर में अतिक्रमण हटाने विशेष अभियान कल से शुरू
नगर पालिका परिषद बैतूल द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और मुख्य सडक़ों पर बढ़ते अतिक्रमण को नियंत्रित करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। नगर पालिका प्रशासन ने आदेश जारी कर शहर के प्रमुख मार्गों पर अस्थायी रूप से लगाई जा रही फल, सब्जी एवं अन्य दुकानों को हटाकर निर्धारित स्थानों पर व्यवस्थित करने का निर्णय लिया है। नगरपालिका द्वारा यह अभियान 19 अप्रेल से प्रतिदिन सुबह 8.30 बजे से 11 बजे तक लगातार चलाया जाएगा। अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए शहर को तीन प्रमुख क्षेत्रों में विभाजित कर अलग-अलग दल गठित किए गए हैं। गंज क्षेत्र में परसराम चौक, कॉलेज रोड, बाबू चौक, बड़ी चौक और आसपास के क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाकर विक्रेताओं को गंज प्राथमिक शाला की रिक्त भूमि पर शिफ्ट किया जाएगा। वहीं कोठी बाजार क्षेत्र में गणेश चौक, कमानी गेट, थाना चौक, बस स्टैंड और नगर पालिका गेट क्षेत्र के दुकानदारों को ज्योति टॉकीज के सामने टंकी के पास खाली भूमि पर व्यवस्थित किया जाएगा। इसी प्रकार सदर क्षेत्र में नेहरू पार्क चौक, कारगिल चौक, पीडब्ल्यूडी चौक और महाजन चौक क्षेत्र के विक्रेताओं को सदर बैल बाजार की रिक्त भूमि पर स्थानांतरित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *