देश के यशस्वी प्रधानमंत्री ने 25 वर्ष किस प्रकार से अपना जीवन देश को दिया। और 25 वर्ष में किस से गुजरात के मुख्यमंत्री रहे। किस प्रकार से उन्होंने गुजरात के लिए योजनाएं बनाई। किस प्रकार से गोधरा कांड, बड़े-बड़े कांड उन्होंने किए। उन्होंने अपने सामने ठीक किया। आदरणीय देश का प्रधानमंत्री और लगातार। पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के राजनीतिक सफर और उनके कामकाज को लेकर दिया गया बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बयान में सुधा ने मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री रहने के दौरान के कामों का जिक्र करते हुए गोधरा कांड की बात भी कही। हालांकि इस बयान के बाद उन्होंने अपने सिर भी खुजाया। इस वीडियो वायरल होने के बाद शनिवार दोपहर सुभाष सुधा फिर मीडिया के सामने आए और सफाई दी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष उनके बयान को तोड़-मरोड़कर दिखा रहा है। सुधा ने कहा कि वह इसकी जांच करवाएंगे और सख्त से सख्त कार्रवाई कराएंगे। 7 अक्टूबर की घटना दरअसल, 7 अक्टूबर को थीम पार्क में आयोजित सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद भाजपा नेता रेलवे रोड स्थित विकसित भारत संकल्प चौक पर पहुंचे। यहां मीडिया से बातचीत के दौरान पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए बयान दिया था। इसके बाद विपक्ष की ओर से इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो वायरल होने के बाद यह बयान चर्चा में आ गया। सफाई देने पहुंचे सुधा, बोले- विपक्ष ने बयान को तोड़-मरोड़कर दिखाया शनिवार दोपहर मीडिया के सामने आए सुभाष सुधा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास और धर्म के लिए काम किए हैं। उन्होंने कहा, “देखिए, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने किस प्रकार से देश के विकास के लिए कार्य किए, धर्म के लिए कार्य किए। विपक्ष का बाप भी यह कार्य नहीं कर सकता था।” सुधा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने धर्मस्थलों का सुधार कराया, बड़े-बड़े हाईवे बनवाए और जनधन योजना समेत कई योजनाएं चलाईं। उन्होंने पिछले दिनों प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी, जिसके तहत विकसित भारत संकल्प चौक का निर्माण हुआ था। उसी दौरान दिए गए उनके बयान को विपक्ष तोड़-मरोड़कर दिखा रहा है। सुधा ने कहा, “मेरे बयान को तोड़-मरोड़कर जो विपक्ष दिखा रहा है, उसकी मैं जांच करवाऊंगा और सख्त से सख्त कार्रवाई कराऊंगा।” जनधन, स्वच्छ भारत और आयुष्मान भारत योजनाओं का किया जिक्र सुभाष सुधा ने सफाई देते हुए प्रधानमंत्री की योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने जनधन योजना, स्वच्छ भारत योजना, आयुष्मान भारत योजना और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना चलाई। इसके साथ ही जल जीवन मिशन, मंदिरों के विकास और सड़कों के इंफ्रास्ट्रक्चर पर काम किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने रेलवे और सड़कों के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया है। सुधा ने हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से कराए जा रहे विकास कार्यों का भी जिक्र किया। कहा कि ये अगर दिन है तो देश के प्रधानमंत्री का दिन है। हम लगातार उनके कार्य कर रहे हैं।” विपक्ष पर लगाया राजनीति करने का आरोप सुधा ने कहा कि विपक्ष उनके बयान को गलत तरीके से दिखा रहा है। आरोप लगाया कि विपक्ष ने उनकी बात को तोड़-मरोड़कर पेश किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश में विकास के साथ धार्मिक स्थलों के लिए भी काम किए हैं। उन्होंने कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर के कायाकल्प और सोमनाथ में हुए कामों का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष को विकास के काम नजर नहीं आते। सुधा ने अपने क्षेत्र में बने अंडरपास और अन्य सुविधाओं का भी उल्लेख किया। उनके क्षेत्र को प्रधानमंत्री की ओर से कई सुविधाएं मिली हैं। विपक्ष को राजनीति करने के बजाय विकास कार्यों पर ध्यान देना चाहिए। रेलवे रोड पर बने चौक को सुंदर बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने इस मुद्दे पर भी राजनीति की।

