सुकमा के आश्रम छात्रावासों और पोटाकेबिनों में खराब सुविधाओं को लेकर संयुक्त छात्र संघ ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। छात्र संगठन ने 7 सूत्रीय मांगों के साथ कलेक्ट्रेट गेट पर हंगामा कर सुधार की मांग की। उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर छात्रावासों की स्थिति सुधारने को कहा। संगठन ने बताया कि छात्रों को स्वास्थ्य, शिक्षा, भोजन, सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्या आ रही है। उनका दावा है कि स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी से पिछले दो सालों में 3 छात्र और 6 छात्राओं की मौत हुई। इन घटनाओं पर छात्रावासों की जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग की गई। जानिए क्या-क्या मांगे रखी आवेदन में सभी आश्रम छात्रावासों और पोटाकेबिनों में 24 घंटे स्वास्थ्य सुविधा, नियमित जांच, प्रशिक्षित नर्स या स्वास्थ्यकर्मी और प्राथमिक उपचार सामग्री उपलब्ध कराने की मांग है। गंभीर स्थिति में छात्रों को अस्पताल पहुंचाने एंबुलेंस और परिवहन की व्यवस्था भी मांगी गई। इसके अलावा छात्रावासों में स्वच्छ पेयजल, शौचालय, स्नानघर, बिजली और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था करने और विद्यार्थियों को नियमित रूप से पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई। भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच करने पर भी जोर दिया गया। सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग छात्र संगठन ने छात्रावासों और पोटाकेबिनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि विद्यार्थियों के हित और सुरक्षित भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को छात्रावासों का तत्काल निरीक्षण कर कमियों को दूर करना चाहिए। वही, छात्र नेता राजेश नाग ने कहा कि, जिले में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह ठप्प हो गई है। आश्रम और पोटाकेबिनो में अव्यवस्थाओं का आलम है। प्रशासन हमारी मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द कार्रवाई करे, लरना आने वाले समय में और उग्र आंदोलन किया जाएगा।

