कड़ी धूप, उमसभरी गर्मी से लोग पसीना-पसीना, शहर में पारा 43 के पार

कड़ी धूप, उमसभरी गर्मी से लोग पसीना-पसीना, शहर में पारा 43 के पार

गुजरात में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। शनिवार को अहमदाबाद में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री रहा वहीं न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहा। उधर सुरेंद्रनगर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।अहमदाबाद शहर में शनिवार सुबह हवा में नमी 69 प्रतिशत तक दर्ज हुई थी। इसके बाद शाम को पांच बजे 43 प्रतिशत रही। इसके चलते उमस और कड़ी धूप रही। गर्मी इस तरह की थी कि लोग पंखा कूलर में भी पसीना-पसीना हो रहे थे। यह गर्मी जुलाई-अगस्त की तरह लगी।

मौसम विभाग के अनुसार राजकोट में 43, गांधीनगर में 42.8, अमरेली में 42.5 डिग्री, कंडला एयरपोर्ट व वल्लभ विद्यानगर में 42 डिग्री व डीसा में 41.6 डिग्री और वडोदरा में 39.4 डिग्री सेंटीग्रेड तापमान रिकॉर्ड किया गया। कच्छ क्षेत्र में भुज में 41 डिग्री जबकि नलिया में अपेक्षाकृत कम 36 डिग्री दर्ज किया गया। तटीय क्षेत्रों में गर्मी कुछ कम रही, जहां पोरबंदर में 35 डिग्री, वेरावल में 33 डिग्री और द्वारका में 32 डिग्री तापमान रहा। हालांकि तटीय इलाकों में नमी अधिक रहने के कारण उमस बढ़ी हुई है, जिससे लोगों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।मौसम विभाग के अनुसार, सौराष्ट्र और उत्तर गुजरात के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से 1 से 3 डिग्री अधिक बना हुआ है, जिससे गर्मी का असर और तेज महसूस हो रहा है।

विशेषज्ञों ने आने वाले दिनों में भी इसी तरह के हालात बने रहने की संभावना जताई है। लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

अगले तीन दिन राहत संभव

मौसम विभाग के अनुसार रविवार तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है। सात दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि कई शहरों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर ही बना रहेगा। विभाग ने नागरिकों को दिन के समय धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *