पेंड्रा में सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी की लूट के दौरान गोली मारकर हत्या के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। बुधवार को पीसीसी चीफ दीपक बैज पेंड्रा पहुंचे और मुक्तिधाम में दिवंगत व्यापारी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने रिश्तेदारों से मुलाकात कर सांत्वना दी। दीपक बैज ने घटना को लेकर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सरकार समेत पुलिस प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अब शांत कहे जाने वाले पेंड्रा इलाके में भी सरेआम गोलियां चल रही हैं। पीसीसी चीफ ने कहा कि ऐसे में बस्तर और इस शांत क्षेत्र में अब क्या अंतर रह गया है। साय सरकार “सुशासन त्योहार” मनाने में व्यस्त है, जबकि छत्तीसगढ़ की जनता की सुरक्षा भगवान भरोसे छोड़ दी गई है। प्रदीप सोनी की बहादुरी का किया जिक्र दीपक बैज ने दिवंगत सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी की बहादुरी का जिक्र करते हुए कहा कि वे लुटेरों से डटकर लड़े, जिसके बाद बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। इस वारदात से स्थानीय लोग और व्यापारी वर्ग सदमे में हैं। पुलिस अधिकारियों को दी चेतावनी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयानों का समर्थन करते हुए दीपक बैज ने पुलिस अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि आम जनता ने उन्हें वर्दी दी है, इसलिए अधिकारी किसी की गुलामी न करें और जनता की सुरक्षा पर ध्यान दें। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई को लेकर नाराजगी कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हो रही कार्रवाई को लेकर बैज ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अगर उनके कार्यकर्ताओं पर आर्म्स एक्ट लगाया जा रहा है, तो कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी। उनहोंने कहा कि क्या विपक्ष को कानून और न्याय पाने का अधिकार नहीं है और क्या कानून सिर्फ भाजपा के लिए काम कर रहा है। प्रदेश में दो तरह का कानून और यह जंगलराज किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बाजार बंद करते समय व्यापारी को गोली मारकर लूट बता दें कि मंगलवार को कोटमी साप्ताहिक बाजार में प्रदीप सोनी ने दुकान लगाई थी। जब वे दुकान बंद कर रहे थे, तभी बाइक सवार बदमाश आए और उनसे सोने-चांदी का बैग छीन लिया। व्यापारी ने इसका विरोध किया तो सीने पर गोली मार दी और भाग निकले। आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस 60 लाख की लूट का अनुमान लगाया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही। इस मामले में बिलासपुर रेंज आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा है कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। वारदात में कट्टे का इस्तेमाल किया गया है। आसपास के जिलों की पुलिस टीमें भी तलाश में जुटी हुई हैं। साथ ही जिले में सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक को दूर करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।


