सुल्तानपुर में आगामी मोहर्रम त्योहार के मद्देनजर रविवार शाम को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने पीस कमेटी की बैठक की। इस बैठक में सामाजिक संगठनों, व्यापारी नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने सभी से आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। यह बैठक गोसाईगंज थाने में उप जिलाधिकारी प्रभात कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसमें क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार सिंह और गोसाईगंज थाना प्रभारी अखंड देव मिश्र भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उपस्थित संभ्रांत व्यक्तियों, धार्मिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर चर्चा की। उप जिलाधिकारी प्रभात सिंह ने धार्मिक और सामाजिक संगठनों के लोगों से मोहर्रम के दौरान सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां भी बिजली के हाई वोल्टेज तार गुजरते हों, वहां ताजियेदार सावधानीपूर्वक ताजिया निकालें। संभव हो तो ताजिये की ऊंचाई कम रखी जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।इसके अतिरिक्त, उन्होंने कहा कि पेड़ों की टहनियों की छंटाई केवल वहीं की जाए जहां यह अत्यंत आवश्यक हो।क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि यदि क्षेत्र में ताजिये को लेकर कोई विवाद उत्पन्न होता है, तो ताजियेदार और अन्य लोग तत्काल पुलिस को सूचित करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।गोसाईगंज थाना प्रभारी अखंड देव मिश्र ने शांतिपूर्ण त्योहार के लिए पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति द्वारा अराजकता फैलाने की कोशिश की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी जाए, ताकि ऐसे लोगों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा सके। इस अवसर पर प्रधान अशोक सिंह, ओम प्रकाश सिंह, भारत यादव, मो. इस्माइल सहित थाने के उपनिरीक्षक और कई अन्य संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।


