सरना-भीमपुर के रास्ते में पड़ती अपरबारी दोआब कैनाल नहर में लापता युवक का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिला है। हादसे के 24 घंटे बीत जाने के बावजूद ना तो एनडीआरएफ पहुंची है और ना ही नहर में पानी का बहाव कम किया गया है। जिससे परिवार और स्थनीय लोग नाराज हैं।
बता दें, बीते कल गांव कोठी पंडितां का निवासी 21 वर्षीय रोहित दोस्तों के साथ नहर में नहाने के लिए आया था। जिसका समाचार लिखे जाने तक कोई अता-पता नहीं लग सका। घटना के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द गोताखोर व एनडीआरएफ की टीम बुलाने की गुहार लगाई है।
गांव कोठी पंडितां निवासी रोहित के भाई मोहित ने बताया कि रोहित उर्फ रिक्की सोमवार दोपहर को अन्य दोस्तों के साथ नहर में नहाने के लिए आया था।
अचानक उसका पैर फिसल गया और वो नहर के तेज बहाव में लापता हो गया। दोपहर करीब 2 बजे के करीब ये हादसा हुआ। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चल पाया है। परिवार और रिश्तेदारों ने जताई नाराजगी
घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी बच्चे का कोई सुराग न मिलने से परिजनों में गहरा रोष और चिंता है। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एनडीआरएफ की विशेष टीम को मौके पर बुलाया जाए ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर बच्चे को जल्द से जल्द ढूंढा जा सके।
परिजनों के अनुसार, घटना की सूचना दिए जाने के काफी समय बाद स्थानीय पुलिस मौके पर जांच के लिए पहुंची। फिलहाल पुलिस टीम घटनास्थल पर मौजूद है और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में लापता किशोर की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बांध प्रशासन से बात कर पानी बंद करवाया गया है। तलाश जारी है।


