गोरखपुर में पंचायत कर्मी 1 से 14 जून तक फिटनेस का संदेश देंगे। इस दौरान 7 जून रविवार को गोरखपुर मंडल में संडे ऑन साइकिल अभियान चलाया जाएगा। फिट इंडिया मिशन के अंतर्गत् आयोजित होने वाले अभियान को लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है। उपनिदेशक पंचायत हिमांशु शेखर ठाकुर ने सभी जिला पंचायत राज अधिकारियों को अभियान सफल बनाने का निर्देश दिया है।
यह अभियान 3 जून को मनाए जाने वाले विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। शासन स्तर पर प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत एक जून से 14 जून तक विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी। पंचायत विभाग को भेजे गए निर्देशों में कहा गया है कि साइकिलिंग फेडरेशन आफ इंडिया (सीएफआई) और यूनियन साइक्लिस्ट इंटरनेशनल (यूसीई) के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर में एक लाख से अधिक साइकिल चालकों की भागीदारी सुनिश्चित कर रिकार्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को अधिक से अधिक संख्या में साइकिल रैली में भाग लेने के लिए प्रेरित करने को कहा गया है।
उपनिदेशक (पंचायत) ने निर्देश दिए हैं कि सभी जनपदों में प्रतिभागियों का पंजीकरण अनिवार्य रूप से कराया जाए, ताकि अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित हो सके। इसके लिए आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। पंचायत विभाग के अधिकारी अब ग्राम पंचायतों और स्थानीय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने की तैयारी में जुट गए हैं।


