राजनांदगांव। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में नगरपालिकाओं और त्रिस्तरीय पंचायतों के आम एवं उप चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुए। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जिससे लोकतंत्र के इस महापर्व के प्रति लोगों का उत्साह साफ नजर आया। मतदान प्रक्रिया 1 जून को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक चली। इससे पहले 31 मई को स्थानीय शासकीय आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल से मतदान दलों को सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक प्रशिक्षण के बाद चुनाव सामग्री के साथ रवाना किया गया था। घुमका में सबसे ज्यादा 95.36% मतदान जिले में सबसे अधिक मतदान नगर पंचायत घुमका में दर्ज किया गया, जहां 95.36 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत जनपद पंचायत राजनांदगांव क्षेत्र में 1 सरपंच और 2 पंच पदों के लिए हुए मतदान में 92.97 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यहां कुल 1,550 मतदाताओं ने मतदान किया। जनपद पंचायत डोंगरगांव के क्षेत्र क्रमांक-5 में जनपद सदस्य के एक पद के लिए हुए चुनाव में 4,882 मतदाताओं में से 69.58 प्रतिशत ने मतदान किया। सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी डोंगरगांव मंजूलता बाज के पर्यवेक्षण में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग, चेकिंग और निगरानी की गई, जिसके चलते पूरे चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई। मतगणना शुरू, 4 जून को आएंगे नगरीय चुनाव के नतीजे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदान समाप्त होते ही संबंधित मतदान केंद्रों पर स्क्रूटनी और मतगणना की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं नगर पंचायत घुमका सहित नगरीय निकायों के चुनाव परिणामों के लिए मतगणना 4 जून 2026 को होगी। इसके बाद प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला सामने आएगा।


