फिरोजाबाद के मक्खनपुर हाईवे पर बुधवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। बाइक फिसलने से पति-पत्नी और उनकी चार वर्षीय बेटी सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार समीर पुत्र सलीम अपनी पत्नी दानिस्ता और चार वर्षीय बेटी आयन के साथ बाइक से आगरा के बोदला क्षेत्र से शिकोहाबाद स्थित ससुराल जा रहे थे।बताया जा रहा है कि रात के समय मक्खनपुर हाईवे पर अचानक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इसके बाद तीनों सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए। कार चालक ने दिखाई इंसानियत हादसे के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक कार चालक ने मानवता दिखाते हुए घायलों को अपनी कार में बैठाकर तत्काल सरकारी जिला अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने भी मौके पर मदद की और घायलों को संभाला। महिला की हालत गंभीर, आगरा रेफर अस्पताल में डॉक्टरों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के मुताबिक दानिस्ता की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया गया। वहीं समीर और उनकी बेटी आयन का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। हादसे के बाद परिवार में चिंता घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद परिवार में चिंता और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मक्खनपुर हाईवे पर तेज रफ्तार और रात में सड़क की स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।


