वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आउटसोर्सिंग भर्ती के लिए कार्यदायी कंपनी ‘एस.एन. इलेक्ट्रिकल’ (S.N. Electrical) पर भ्रष्टचार और रिश्वतखोरी के आरोप लगे हैं। आरोपों के बाद कंपनी बैकफुट पर आ गई है। मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज की शिकायत के बाद कंपनी के मालिक और ठेकेदार ने पहले मामला सुलझाने का प्रयास किया, बाद में मंत्रालय के सवालों के बीच टेंडर छोड़ने की बात कही। फिलहाल व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुरानी कंपनी को 3 महीने का सेवा विस्तार दिया गया है। सांसद प्रिया सरोज ने बताया कि वाराणसी एयरपोर्ट पर कार्यरत एस.एन. इलेक्ट्रिकल कंपनी पर हवाई अड्डे के कर्मचारियों के वेतन में कटौती और शोषण के आरोप लगे थे। मामले की जानकारी एक कर्मचारी के जरिए मिली तो साक्ष्य मांगा गया। कर्मचारियों ने बताया कि एस.एन. इलेक्ट्रिकल 12-25 हजार रुपए प्रतिमाह कमाने वाले कर्मचारियों का शोषण कर रही है। इसके साथ ही जब कर्मचारियों ने हिम्मत दिखाकर ऑडियो रिकॉर्डिंग मुझे सौंपी तो मैंने तुरंत संबंधित अधिकारियों और मंत्रालय में बात की।
पूरा मामला बताते हुए उड्डयन मंत्री को पत्र भी लिखा और मामला संसद में उठाने की बात कही तो भ्रष्टाचार का यह पूरा सिंडिकेट ताश के पत्तों की तरह ढह गया। अब फजीहत के बाद एस.एन. इलेक्ट्रिकल कंपनी को उल्टे पैर भागना पड़ा और उसके मालिक ने अपना टेंडर छोड़ दिया है। उड्डयन मंत्रालय ने जांच की फाइल खोल दी है। अब तक प्राथमिक शिकायत में सामने आए अवैध वसूली करने वाले 3 नामजद कर्मचारियों को जाँच पूरी होने तक सस्पेंड भी कर दिया गया है। इसके साथ ही फिलहाल व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुरानी कंपनी को 3 महीने का सेवा विस्तार दिया गया है। सांसद ने कहा कि कर्मचारियों और श्रमिकों का शोषण बर्दास्त नहीं किया जाएगा ।


