प्रयागराज में OTS योजना जून में लागू होगी:महापौर की प्रमुख सचिव से बैठक, शहर विकास पर बनी सहमति

प्रयागराज में OTS योजना जून में लागू होगी:महापौर की प्रमुख सचिव से बैठक, शहर विकास पर बनी सहमति

प्रयागराज के समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से महापौर गणेश केसरवानी ने शनिवार को आवास एवं शहरी नियोजन विभाग तथा नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव पी. गुरुप्रसाद से मुलाकात की। इस बैठक में शहर के बहुआयामी विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई और विभिन्न परियोजनाओं को शीघ्र लागू करने पर सहमति बनी। महापौर ने बैठक में कई प्राथमिकता वाले प्रस्ताव रखे। इनमें पैदल राम सेतु का निर्माण, चौक क्षेत्र में भूमिगत पार्किंग, मीना बाजार का विकास, टेक्नोलॉजी पार्क के लिए 10 एकड़ भूमि का आवंटन, वर्किंग वूमेन हॉस्टल की स्थापना और दारागंज, लोकनाथ तथा मालवीय नगर को हेरिटेज मोहल्ला के रूप में विकसित करने की योजनाएं शामिल हैं। महापौर ने विशेष रूप से चौक क्षेत्र में यातायात की समस्या को उजागर करते हुए भूमिगत पार्किंग को आवश्यक बताया। उनका तर्क था कि इससे जाम की समस्या कम होगी और मीना बाजार के विकास से स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। प्रस्तावित टेक्नोलॉजी पार्क से आईटी और स्टार्टअप क्षेत्र को गति मिलेगी, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए वर्किंग वूमेन हॉस्टल की स्थापना पर भी सहमति बनी। इसके अतिरिक्त, शहर के ऐतिहासिक इलाकों को संरक्षित और आकर्षक बनाने के लिए हेरिटेज मोहल्ला योजना पर सकारात्मक चर्चा की गई। बैठक का एक प्रमुख बिंदु वन टाइम सेटलमेंट (OTS) योजना रही। प्रमुख सचिव पी. गुरुप्रसाद ने आश्वासन दिया कि लंबित करों के निपटान के लिए यह योजना जून तक लागू कर दी जाएगी। इस पहल से हजारों नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *