भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने भदोही जनपद के लिए 27 से 30 मई तक तेज आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए जिले में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से इस अवधि में अतिरिक्त सतर्कता बरतने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। आंधी-तूफान के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। खिड़की, दरवाजे और ढीली वस्तुओं को सुरक्षित करें। पेड़ों, बिजली के खंभों, होर्डिंग और कच्चे निर्माण से दूर रहें। यदि मकान जर्जर या पुराना हो, तो तत्काल किसी पक्के और मजबूत मकान में शरण लें। वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें, उन्हें खुले में न छोड़ें। आकाशीय बिजली चमकने के समय खुले मैदानों, खेतों, तालाबों, नदियों और ऊँचे स्थानों से दूर रहें। मोबाइल चार्जिंग, विद्युत उपकरणों और धातु की वस्तुओं का उपयोग करने से बचें। किसी भी पेड़ के नीचे शरण न लें। यदि आप बाहर हों, तो तुरंत किसी सुरक्षित भवन में आश्रय लें। ओलावृष्टि की स्थिति में अपने वाहनों और पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखें। किसान भाई अपनी कटाई की गई फसल और कृषि उपकरणों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दें। अस्थायी ढांचों और टीन शेड को मजबूत करें। बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें। अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन तथा मौसम विभाग की आधिकारिक सूचना पर ही विश्वास करें। किसी भी आपातकालीन सहायता के लिए स्वास्थ्य सेवा हेतु 108, पुलिस सहायता के लिए 112, अग्निशमन सेवा के लिए 101 और आपदा हेल्पलाइन के लिए 1077 पर संपर्क किया जा सकता है।


