Oral Cancer Symptoms: मुंह के छाले (Mouth Ulcers) आम समस्या है और ज्यादातर मामलों में ये कुछ दिनों में अपने आप ठीक हो जाते हैं। लेकिन अगर कोई छाला 2 हफ्ते से ज्यादा समय तक ठीक नहीं हो रहा, तो इसे हल्के में लेना बड़ी गलती हो सकती है। हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, ऐसा छाला शरीर का रेड फ्लैग हो सकता है, जो किसी गंभीर बीमारी की ओर इशारा करता है।
क्यों होते हैं मुंह के छाले?
Surgical Oncology डायरेक्टर डॉ. मनदीप सिंह मल्होत्रा बताते हैं कि आमतौर पर छाले रोजमर्रा की वजहों से होते हैं, जैसे ज्यादा तनाव और थकान, गलती से गाल या जीभ कट जाना, ज्यादा मसालेदार या खट्टा खाना, शरीर में विटामिन B12 या आयरन की कमी। डॉक्टर के अनुसार, ऐसे छाले 7 से 10 दिनों में ठीक हो जाते हैं। लेकिन अगर ये लंबे समय तक बने रहें, तो जांच जरूरी हो जाती है।
कब बन जाता है खतरे का संकेत?
डॉक्टर 2 हफ्ते का नियम बताते हैं। यानी अगर कोई छाला 14 दिन में ठीक नहीं होता, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
डॉ. मल्होत्रा के अनुसार, कई बार शुरुआती Oral Cancer बिना दर्द के छोटे छाले या सफेद-लाल धब्बों के रूप में दिखता है, जिसे लोग नजरअंदाज कर देते हैं।
किन बीमारियों का संकेत हो सकता है?
रिसर्च के मुताबिक, लंबे समय तक न ठीक होने वाले छाले सिर्फ मुंह की समस्या नहीं होते, बल्कि ये गंभीर बीमारियों का संकेत भी हो सकते हैं, जैसे मुंह का कैंसर (Oral Cancer) ल्यूकोप्लाकिया (Leukoplakia) और लाइकेन प्लानस (Lichen Planus)। अगर समय पर इलाज न किया जाए, तो ये समस्याएं आगे चलकर खतरनाक रूप ले सकती हैं।
लाइफस्टाइल की गलत आदतें बढ़ाती हैं जोखिम
कुछ आदतें छालों को ठीक होने में देरी करती हैं और खतरा बढ़ा देती हैं:
- तंबाकू (स्मोकिंग या गुटखा)
- ज्यादा शराब पीना
- मुंह की साफ-सफाई में लापरवाही
- गलत फिटिंग वाले दांत या डेंचर
इन लक्षणों को कभी नजरअंदाज न करें
अगर छाले के साथ ये लक्षण दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से मिलें:
- लगातार दर्द या जलन
- छाले से खून आना
- निगलने या बोलने में दिक्कत
- मुंह में गांठ या मोटापन महसूस होना
समय पर जांच है सबसे जरूरी
डॉ. मल्होत्रा कहते हैं, “सबसे बड़ी गलती लोग यह करते हैं कि इसे सामान्य छाला समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। जबकि शुरुआती जांच से गंभीर बीमारी को समय रहते पकड़ा जा सकता है।”
कैसे करें बचाव?
- रोजाना अच्छी ओरल हाइजीन रखें
- संतुलित और पौष्टिक आहार लें
- तंबाकू और शराब से दूरी बनाएं
- नियमित डेंटल चेकअप करवाएं
डिसक्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह किसी क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प नहीं है। इसलिए पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।


