जालौन के माधौगढ़ में साइबर क्राइम थाना पुलिस और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टे के बड़े कारोबार का खुलासा करते हुए छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि पांच अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से 3 लाख 22 हजार 780 रुपये नकद और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर साइबर क्राइम थाना और माधौगढ़ कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने डिकौली मोड़ भीमनगर रोड के पास दबिश दी। छापेमारी के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पटेल नगर निवासी पवन मिसुरिया (42) को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पुलिस टीम को देखकर सागर दुबे निवासी माधौगढ़, विपिन वर्मा निवासी सरावन, अतुल दुबे निवासी चितौरा, जानू भाटिया निवासी आजाद नगर माधौगढ़ और अकुंश गुप्ता निवासी माधौगढ़ मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से लाखों रुपये की नकदी और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में ऑनलाइन माध्यम से आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाए जाने की पुष्टि हुई है। सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


