पलामू में जमीन विवाद में एक युवक की मौत:चार घायल, आरोपियों ने विधवा का घर गिराया; गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात

पलामू में जमीन विवाद में एक युवक की मौत:चार घायल, आरोपियों ने विधवा का घर गिराया; गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात

पलामू के चैनपुर थानाक्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प में एक 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। यह घटना रामपुर गांव के चौधरी टोला में हुई। पीड़ितों के अनुसार गांव के ही दूसरे टोला से करीब 25 से 30 लोग दोपहर में हथियार और लाठी-डंडों के साथ चौधरी टोला पहुंचे। उन्होंने वहां रहने वाले लोगों के साथ मारपीट की और गोली चला दी। इससे पहले सुबह करीब सात बजे भी आरोपी चौधरी टोला गए थे और एक विधवा महिला सुशीला कुंवर के निर्माणाधीन मकान को गिराकर लौट गए थे। वे बन रहे मकान के जमीन को अपना बताते हैं। उन्होंने दोपहर में बाइक और चार पहिया वाहनों से आकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया। गोली लगने से सिकंदर चौधरी (28) की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में 16 वर्षीय यशवंत कुमार, संजय चौधरी, सकेंद्र चौधरी और उदय चौधरी शामिल हैं। सभी घायलों को एमएमसीएच ले जाया गया। आरोपियों की तलाश में छापेमारी घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई और इलाके में तनाव का माहौल है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस आरोपी मंटू सिंह और उसके साथियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक आलोक चौरसिया अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिवार व घायलों से मुलाकात की। उन्होंने राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाया। सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *