प्रधानमंत्री के आह्वान पर रायबरेली जिले में ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडे ने अपनी स्वर्गीय मां विद्या देवी के नाम पर एक पौधा रोपित कर इस अभियान की शुरुआत की। उन्होंने प्रदेश और देश के लोगों से भी अपनी मां के नाम पर एक पेड़ लगाने की अपील की। इस कार्यक्रम के तहत जिले भर में 8 लाख पौधे लगाए जा रहे हैं। इस कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. मनोज कुमार पांडे ने राही ब्लॉक के कटिहार गांव से की। यहां ग्राम सभा की 40 बीघा चारागाह भूमि को राजस्व विभाग ने वन विभाग को वृक्षारोपण के लिए सौंपा है। कार्यक्रम के दौरान मंत्री मनोज कुमार पांडे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम बहुत सराहनीय है। उन्होंने कहा, “मैंने अपनी मां के नाम पर एक पेड़ लगाया है और मैं पूरे प्रदेश, देश और क्षेत्रवासियों से भी उम्मीद करता हूं कि वे अपनी मां के नाम पर एक पेड़ लगाएंगे और भविष्य में उसकी देखभाल करेंगे।” जिला वानिकी अधिकारी प्रखर मिश्रा ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप आज पूरे जिले में 8 लाख पौधे रोपित किए जा रहे हैं। यह अभियान अलग-अलग ब्लॉक के विभिन्न क्षेत्रों में चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में जिला वानिकी विभाग के रेंजर अशोक श्रीवास्तव सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


