नौतपा के चौथे दिन बुधवार को भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहा। इस दौरान अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सर्वाधिक तापमान है। न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 28.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सूर्य की सीधी किरणें और गर्म हवाएं लोगों को लगातार परेशान कर रही हैं। भीषण गर्मी के कारण दोपहर के समय सड़कें और बाजार सूने दिखाई दिए। लोग दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घरों से निकलने से बच रहे हैं, केवल आवश्यक काम वाले ही बाहर निकल रहे हैं। मौसम विभाग ने दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक घर से न निकलने की सलाह जारी की है और लू चलने की चेतावनी भी दी है। चिकित्सकों ने भी लोगों को गर्मी से बचने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने सूती कपड़े पहनने, ओआरएस, नींबू पानी, छाछ, लस्सी जैसे तरल पदार्थों का सेवन करने और सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढकने की सलाह दी है। गर्मी के प्रकोप से अस्पतालों में मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। उल्टी-दस्त, वायरल फीवर, सिर दर्द, चक्कर और डिहाइड्रेशन के मरीज बढ़ रहे हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन एक हजार से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं, जिनमें बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। भीषण गर्मी के कारण बिजली लाइनों और ट्रांसफार्मरों में मामूली खराबी आने से कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। ऐसे में बिना एसी, कूलर या पंखे के रहना मुश्किल हो रहा है। पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। 22 मई को अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस था, जो 23 मई को बढ़कर 42.0 डिग्री हो गया। इसके बाद 24 मई को 42.4 डिग्री, 25 मई को 42.6 डिग्री और 26 मई को 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 27 मई को भी अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


