भाजपा का 12 साल पूरे होने पर जनसंपर्क अभियान:5 से 21 जून तक चलेगा, बलरामपुर में कार्यशाला आयोजित

भाजपा का 12 साल पूरे होने पर जनसंपर्क अभियान:5 से 21 जून तक चलेगा, बलरामपुर में कार्यशाला आयोजित

भारतीय जनता पार्टी ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। बलरामपुर स्थित भाजपा कार्यालय अटल भवन में जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एक जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को 5 जून से 21 जून तक चलने वाले विशेष अभियानों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी राहुल राज रस्तोगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन, विश्वास, विकास और जनकल्याण को समर्पित रहे हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, युवा, महिला और समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं, जिनका लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचा है।
रस्तोगी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए बूथ स्तर तक सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्रा ने कार्यशाला में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की रणनीति और संगठनात्मक जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी। मिश्रा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का कार्य पूरी ऊर्जा के साथ करेंगे। सदर विधायक पल्टूराम ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और राष्ट्रहित के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने जोर दिया कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र पर चलते हुए केंद्र सरकार ने ऐसे निर्णय लिए हैं, जिनसे समाज के हर वर्ग को लाभ मिला है। कार्यशाला में पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी, उतरौला नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अनूप चंद्र गुप्ता सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *