सट्टे की शिकायत करने पर घर में घुसकर हमला:छिंदवाड़ा में सटोरिए के बेटों ने गाड़ियों में की तोड़फोड़; पूरे परिवार को पीटा

सट्टे की शिकायत करने पर घर में घुसकर हमला:छिंदवाड़ा में सटोरिए के बेटों ने गाड़ियों में की तोड़फोड़; पूरे परिवार को पीटा

छिंदवाड़ा जिले के देहात थाना क्षेत्र के कुंडाली खुर्द गांव में बुधवार रात सट्टे की शिकायत को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। यहां अवैध रूप से सट्टे का कारोबार चलाने वाले एक आरोपी के बेटों ने शिकायतकर्ता के घर पर हमला बोल दिया। इस दौरान आरोपियों ने घर के बाहर रखे सामान और खड़ी गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की। इस जानलेवा हमले में तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव का ही रहने वाला विष्णु राय लंबे समय से अवैध सट्टे का काम कर रहा है। स्थानीय लोगों ने कई बार इसकी लिखित शिकायत थाना प्रभारी को दी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई न होने से सटोरियों के हौसले बुलंद थे और गांव में तनाव बढ़ता जा रहा था। इसी मामले में हाल ही में पुलिस ने आकाश माहोरे नाम के युवक को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। पूछताछ के दौरान सट्टे की शिकायत करने वाले युवक रघुवीर का नाम सामने आ गया, जिसके बाद यह पूरा विवाद भड़क गया। झूठे केस में फंसाने का विरोध करने पर मचाया उत्पात
बताया जा रहा है कि जब संबंधित युवकों ने खुद को झूठे मामले में फंसाए जाने का विरोध किया, तो विष्णु राय के बेटों ने बुधवार रात रघुवीर और उसके परिवार पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने घर के बाहर जमकर उत्पात मचाया और वाहनों के कांच फोड़ दिए। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया है कि मुख्य आरोपी विष्णु राय आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों पक्ष पहुंचे थाने, पुलिस ने शुरू की जांच
मारपीट और भारी तोड़फोड़ की इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। देहात थाना प्रभारी (टीआई) जीएस राजपूत ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि विवाद के बाद दोनों पक्ष अपनी-अपनी शिकायत लेकर देर रात थाने पहुंचे थे। पुलिस ने पूरे मामले को संज्ञान में ले लिया है। फिलहाल मामले की बारीकी से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *