तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत:1090 चौराहे के पास की घटना, 100 मीटर तक घसीटा

तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत:1090 चौराहे के पास की घटना, 100 मीटर तक घसीटा

लखनऊ के हजरतगंज इलाके में रविवार सुबह तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से स्कूटी सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी सवार करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया। सिर डिवाइडर से टकराने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अमीनाबाद की मारवाड़ी गली निवासी जसबीर सिंह (65) स्टेशनरी की दुकान चलाते थे। उनके भाई तेजेंद्र सिंह के मुताबिक, रविवार को उनकी भतीजी की गोमतीनगर स्थित एक निजी स्कूल में परीक्षा थी। उसे लेने के लिए जसबीर सिंह सुबह करीब 11 बजे स्कूटी से घर से निकले थे। इसी दौरान गोल्फ क्लब चौराहे से गोमतीनगर जाने वाले मार्ग पर 1090 चौराहे के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही जसबीर सिंह स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़े और करीब 100 मीटर तक घिसटते चले गए। इस दौरान उनका सिर डिवाइडर से टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देखकर मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। वहीं, दुर्घटना के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर हजरतगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जसबीर सिंह को सिविल अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मोबाइल से मिली पहचान, परिजनों में मचा कोहराम पुलिस ने तलाशी के दौरान जसबीर सिंह के पास से मिले मोबाइल फोन के आधार पर परिजनों को सूचना दी। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन तत्काल अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर फरार बाइक सवार की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *