New Zealand vs India 1st ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का आगाज 4 नवंबर से होने जा रहा है। ऑकलैंड के ईडन पार्क में दोनों टीमें भारतीय समयानुसार सुबह 7:30 बजे आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले का टीवी पर सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा, जबकि ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग सोनीलिव के ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।
भारतीय टीम की नजर सीरीज जीतने के साथ-साथ अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों को परखने पर भी होगी। इस दौरान भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें रोहित शर्मा और विराट कोहली के प्रदर्शन पर भी टिकी होंगी। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले तीन वनडे मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी शुभमन गिल के हाथों में होगी, जबकि श्रेयस अय्यर उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे। वहीं, न्यूजीलैंड टीम की कमान मिचेल सैंटनर के हाथों में होगी।
न्यूजीलैंड vs भारत: वनडे में हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
वनडे क्रिकेट में भारतीय टीम को न्यूजीलैंड से कड़ी चुनौती मिली है। 1975 से अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 123 वनडे मैच खेले गए हैं। इन मुकाबलों में भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 63 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि उसे 52 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। दोनों टीमों के बीच सात मैच बेनतीजा रहे, जबकि एक मुकाबला टाई रहा है। इस तरह देखा जाए तो इस प्रारूप में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का जीत प्रतिशत 54.74 है, जबकि भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड का जीत प्रतिशत 45.25 है।
न्यूजीलैंड से हिसाब बराबर करने का मौका
वनडे सीरीज में पिछली बार भारत और न्यूजीलैंड की टीमें जनवरी 2026 में भिड़ी थी। उस वक्त न्यूजीलैंड की टीम ने भारत का दौरा किया था। उस दौरान कीवी टीम ने वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को 2-1 से शिकस्त दी थी। यह न्यूजीलैंड की भारतीय सरजमीं पर पहली वनडे सीरीज जीत थी। इस तरह न्यूजीलैंड ने 37 साल बाद भारतीय धरती पर यह कारनामा किया था।
ऐसे में भारतीय टीम के पास न्यूजीलैंड को उसी की सरजमीं पर हराकर पिछली हार का हिसाब बराबर करने का बेहतरीन मौका होगा। भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को उसकी सरजमीं पर आखिरी बार 2019 में वनडे सीरीज में हराया था। उस सीरीज में भारत ने न्यूजीलैंड को 4-1 से मात दी थी। इसके बाद से भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ उसकी धरती पर द्विपक्षीय वनडे सीरीज में जीत नहीं मिली है।
न्यूजीलैंड ने 2020 में अपनी सरजमीं पर भारत का 3-0 से सूपड़ा साफ किया था। इसके बाद 2022 में भी कीवी टीम ने अपने घर में भारत को 1-0 से हराकर तीन मैचों की सीरीज अपने नाम की थी। उस दौरे पर न्यूजीलैंड ने पहला मुकाबला सात विकेट से जीता था, जबकि शेष दो मैच बेनतीजा रहे थे।



