ट्विशा शर्मा केस का जिक्र कर ‘बंदर’ पर छिड़ी बहस, बॉबी देओल की फिल्म पर निखिल द्विवेदी ने तोड़ी चुप्पी

ट्विशा शर्मा केस का जिक्र कर ‘बंदर’ पर छिड़ी बहस, बॉबी देओल की फिल्म पर निखिल द्विवेदी ने तोड़ी चुप्पी

Bobby Deol and producer Nikhil Dwivedi: बॉलीवुड एक्टर बॉबी देओल की अपकमिंग थ्रिलर फिल्म ‘बंदर’ रिलीज से पहले ही चर्चा का विषय बन गई है। फिल्म में एक ऐसे फेमस सेलिब्रिटी की कहानी दिखाई गई है, जिसकी जिंदगी यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों के बाद पूरी तरह बदल जाती है। फिल्म को लेकर उठ रहे सवालों के बीच निर्माता निखिल द्विवेदी ने स्पष्ठ किया कि ये किसी भी तरह से महिलाओं के खिलाफ बनाई गई फिल्म नहीं है।

जब महिलाओं के साथ गलत हुआ हो तो उन पर विश्वास न करें

निखिल द्विवेदी ने अपने टाइम्स को दिए इंटरव्यू के दौरान फिल्म के विषय पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि ‘बंदर’ का मकसद किसी एक पक्ष का सपोर्ट करना नहीं, बल्कि न्याय और कानूनी प्रक्रिया के महत्व को सामने लाना है। उन्होंने कहा, “सब्जेक्ट था, और जो लोग इसमें शामिल हुए, वे आखिरकार मेरे दिल के करीब हो गए।”

इसके बाद जब उनसे पूछा गया कि क्या फिल्म में पुरुषों को विक्टिम के तौर पर दिखाने का रिस्क है, तो उन्होंने ट्विशा शर्मा केस का जिक्र करते हुए कहा, “हमारी फिल्म महिलाओं के खिलाफ नहीं है। ट्विशा के साथ जो कुछ भी हुआ है, हम भी देख रहे हैं, ये दुर्भाग्यपूर्ण है। इसकी जांच होनी चाहिए। अगर वहां कोई क्राइम हुआ है, तो लोगों को सजा मिलनी चाहिए। ये महिलाओं के खिलाफ फिल्म नहीं है, ये न्याय के पक्ष में फिल्म है। हमें ये समझना होगा कि कोई ये न कह पाए कि जब महिलाओं के साथ गलत हुआ हो तो उन पर विश्वास न करें।”

हमारे संविधान, हमारे कानून की पहचान है और हमारी डेमोक्रेसी का सिद्धांत

निखिल द्विवेदी ने आगे कहा, “लेकिन आपको न्याय में भी विश्वास करना होगा। हम किसी खास जेंडर पर विश्वास करने से ज्यादा न्याय में विश्वास करना चाहते हैं, यही हमारे संविधान, हमारे कानून की पहचान है और यहीं हमारी डेमोक्रेसी का सिद्धांत है। न्याय की जीत होनी चाहिए।” दरअसल, फिल्म की बात करें तो, कहानी समीर मेहरा नाम के एक फेमस रॉकस्टार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार बॉबी देओल निभा रहे हैं। समीर अपने करियर के कठिन दौर से गुजर रहा होता है, तभी उस पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगता है। इसके बाद उसकी निजी और पेशेवर जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है और मामला सोशल मीडिया से लेकर अदालत तक पहुंच जाता है, जिससे उसका सबकुछ बर्बाद हो जाता है।

ट्रेलर में दिखाया गया है कि आरोपों के बाद समीर को जेल जाना पड़ता है, जहां उसे मानसिक दबाव, अकेलेपन और कई मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। फिल्म उसे पूरी तरह निर्दोष या दोषी साबित करने के बजाय उन जटिल परिस्थितियों को दिखाने की कोशिश करती है, जिनका सामना ऐसे मामलों में लोग करते हैं।

इसकी कहानी और स्क्रीनप्ले

फिल्म ‘बंदर’ में सान्या मल्होत्रा समीर की बहन के किरदार में नजर आएंगी, जो परिवार पर पड़े इस संकट से जूझती दिखाई देती हैं। इसके अलावा राज बी शेट्टी, सबा आजाद, ऋद्धि सेन और जितेंद्र जोशी जैसे स्टार्स भी लीड रोल में हैं।

बता दें, ‘बंदर’ निर्देशक अनुराग कश्यप और बॉबी देओल की पहली साथ की फिल्म है। इसकी कहानी और स्क्रीनप्ले ऐसे रचनाकारों ने तैयार किया है, जो पहले भी कई चर्चित प्रोजेक्ट्स पर काम कर चुके हैं। ये फिल्म 5 जून 2026 को थिएटर में रिलीज होगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि न्याय, आरोप और सोशल मीडिया ट्रायल जैसे संवेदनशील विषयों पर बनी ये फिल्म दर्शकों को कितना प्रभावित कर पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *