मुंबई में धर्म पूछकर चाकू मारने वाले जुबेर को लेकर नया खुलासा; एनकाउंटर की उठी मांग

मुंबई में धर्म पूछकर चाकू मारने वाले जुबेर को लेकर नया खुलासा; एनकाउंटर की उठी मांग

मुंबई के मीरा रोड के नया नगर इलाके में कथित तौर पर धर्म पूछकर दो सुरक्षा गार्डों को चाकू मारे जाने की घटना को लेकर चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। अब तक की जांच से पता चलता है कि आरोपी जैब जुबैर अंसारी (31) ने सुनियोजित तरीके से हमला किया था। उसने पहले पीड़ितों से उनके धर्म के बारे में पूछा, फिर उन्हें कलमा (धार्मिक प्रार्थना) पढ़ने के लिए कहा और जब उसे यकीन हो गया कि वे मुसलमान नहीं हैं, तो उसने चाकू निकाला और उन पर वार करना शुरू कर दिया।

पुलिस पूछताछ में जैब जुबैर अंसारी (Zaib Zubair Ansari) ने बड़ा खुलासा किया है। हमले से काफी समय पहले से ही वह इलाके की सड़क पर घूम रहा था और टारगेट की तलाश कर रहा था। जब उसने पुष्टि कर ली कि सुरक्षा गार्ड सुब्रतो सेन और उनके सुपरवाइजर राजकुमार मिश्रा हिंदू है तो उसने उन पर चाकू से हमला कर दिया।

पुलिस का मानना है कि अंसारी ने ये वारदात अचानक नहीं की है। इसी कारण पुलिस इस हमले की जांच आतंकवादी संबंधों के नजरिए से भी कर रही है। पुलिस को अंसारी के घर की तलाशी के दौरान आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (ISIS) और ‘जिहाद’ से जुड़ी लिखित सामग्री भी मिली है। धार्मिक जिहादी एंगल आने के बाद सरकार ने इस केस को एटीएस को सौंप दिया।

अधिकारियों ने बताया कि अंसारी के कमरे से आईएसआईएस से जुड़े साहित्य और कई अन्य इस्लामिक साहित्य मिले हैं। लोन वुल्फ जैसे विषय से जुड़े साहित्य भी पाए गए हैं। जुबेर क्या किसी आतंकी संगठन के संपर्क में था या कोई उसका हैंडलर था, इसकी जांच की जा रही है।

एनकाउंटर की उठी मांग

इस बीच, अयोध्या के साधु-संतों ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अयोध्या स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर के महंत राजू दास ने इसे ‘पहलगाम-2’ बताया। वहीँ, घटना पर महामंडलेश्वर विष्णु दास जी महाराज ने कहा, मुंबई की घटना निंदनीय है। जैसे पहलगांव में घटना हुई, उसी तरह इसे अंजाम दिया गया है। ये कट्टरपंथी लोग हिंदुओं को हीन भावना से देखते हैं, हिंदुओं का कत्ल करना चाहते हैं। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि ऐसे लोगों का बीच चौराहे पर एनकाउंटर होना चाहिए या फांसी देनी चाहिए।

साकेत भवन मंदिर के महंत सीताराम दास ने भी मुंबई की घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि मुंबई में भाजपा की सरकार है, लेकिन हमलावर जुबेर का एनकाउंटर अभी तक क्यों नहीं किया गया। मुख्यमंत्री से मांग है कि जुबेर का एनकाउंटर करके एक नजीर पेश करनी चाहिए।

कौन है आरोपी जैब जुबैर अंसारी?

आरोपी जैब जुबैर अंसारी ने साइंस में ग्रेजुएशन किया है और वह साल 2019 तक अमेरिका में रहा था, जहां उसका परिवार आज भी रहता है। वर्ष 2022 से वह मीरा रोड के मुस्लिम बहुल इलाके नया नगर स्थित स्मिता रीजेंसी बिल्डिंग में किराए के फ्लैट में अकेले रह रहा था। उसकी पत्नी अफगान मूल की बताई जा रही है, जो अब उससे अलग होकर अमेरिका में रहती है।

जानकारी के अनुसार, अंसारी पहले एक कोचिंग सेंटर में केमिस्ट्री और गणित पढ़ाता था, जबकि हाल के महीनों में वह ऑनलाइन क्लासेस भी ले रहा था। अमेरिका में नौकरी न मिलने के कारण वह 2020 में भारत लौट आया था और इसी दौरान इस्लामी कट्टरपंथी की ओर उसका झुकाव बढ़ने लगा।

जब पुलिस ने अंसारी के घटनास्थल से लगभग 200 मीटर दूर नया नगर के फ्लैट की तलाशी ली तो ‘अकेले हमला करने’ और इस्लामिक स्टेट का उल्लेख करने वाला नोट, एक लैपटॉप और कुरान की तीन प्रतियां मिलीं। फिलहाल नया नगर पुलिस व अन्य जांच एजेंसियां हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *