जयपुर एयरपोर्ट से मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। आज से मुंबई के लिए एक नई फ्लाइट सेवा शुरू होने जा रही है, जिससे दोनों शहरों के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। इस नई सेवा के शुरू होने के बाद अब जयपुर से मुंबई के लिए रोजाना कुल 11 फ्लाइट्स संचालित होंगी। स्पाइस जेट एयरलाइंस द्वारा शुरू की जा रही नई फ्लाइट संख्या SG – 169 और SG – 170 के तहत संचालित होगी। तय शेड्यूल के अनुसार यह फ्लाइट मुंबई से रात 10 बजकर 35 मिनट पर जयपुर पहुंचेगी। इसके बाद यही फ्लाइट जयपुर से रात 11 बजकर 25 मिनट पर मुंबई के लिए रवाना होगी। इस समय स्लॉट में नई फ्लाइट शुरू होने से खासतौर पर लेट नाइट ट्रैवल करने वाले पैसेंजर्स को सुविधा मिलेगी। स्पाइस जेट एयरलाइंस के इस कदम से पैसेंजर्स को अब मुंबई ट्रैवल के लिए अधिक विकल्प मिलेंगे, जिससे टिकट की उपलब्धता और समय के चयन में भी आसानी होगी। ऐसे में बिजनेस ट्रैवलर्स के साथ-साथ पर्यटन के लिहाज से भी यह फ्लाइट फायदेमंद साबित हो सकती है। बता दें कि जयपुर-मुंबई रूट देश के व्यस्ततम रूट्स में से एक है, जहां पैसेंजर्स की लगातार मांग बनी रहती है। ऐसे में नई फ्लाइट सेवा शुरू होने से न केवल पैसेंजर्स को राहत मिलेगी, बल्कि, जयपुर एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी और सुविधाओं में भी इजाफा होगा।


