पृथ्वीराज नगर और नारायण विहार में खुलेंगे नए बिजली कार्यालय:उपभोक्ताओं को मिलेगी बेहतर सुविधा, बढ़ती आबादी को देखते हुए लिया गया फैसला

पृथ्वीराज नगर और नारायण विहार में खुलेंगे नए बिजली कार्यालय:उपभोक्ताओं को मिलेगी बेहतर सुविधा, बढ़ती आबादी को देखते हुए लिया गया फैसला

जयपुर के तेजी से विकसित हो रहे पृथ्वीराज नगर (उत्तर और दक्षिण) तथा नारायण विहार क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं को अब अपने इलाके में ही बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। राज्य सरकार ने इन क्षेत्रों में तीन नए बिजली सब-डिवीजन कार्यालय खोलने को मंजूरी दी है। इसके साथ ही प्रत्येक कार्यालय के लिए असिस्टेंट इंजीनियर के नए पद भी स्वीकृत किए गए हैं।
नए कार्यालय शुरू होने से बिजली से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी और उपभोक्ताओं को छोटे-छोटे कामों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। जयपुर डिस्कॉम की ओर से इन कार्यालयों को शुरू करने के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
बढ़ती आबादी को देखते हुए लिया गया फैसला
पृथ्वीराज नगर और नारायण विहार जैसे क्षेत्रों में लगातार आवासीय और व्यावसायिक विकास हो रहा है। ऐसे में बिजली उपभोक्ताओं की संख्या भी तेजी से बढ़ी है। नए कार्यालय खुलने से स्थानीय स्तर पर बिजली व्यवस्था की निगरानी और सेवाओं का संचालन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
जल्द होगा कामकाज शुरू
जयपुर डिस्कॉम के अनुसार नवसृजित नारायण विहार और पीआरएन (उत्तर) सब-डिवीजन को जयपुर नगर वृत्त (उत्तर) के सीडी-प्रथम खंड के अंतर्गत रखा गया है, जबकि पीआरएन (दक्षिण) सब-डिवीजन जयपुर नगर वृत्त (दक्षिण) के सीडी-6 खंड के तहत कार्य करेगा।
बजट घोषणा के बाद मिली मंजूरी
इन नए कार्यालयों की घोषणा बजट 2026-27 के दौरान की गई थी। अब वित्त विभाग की मंजूरी मिलने के बाद इनके संचालन का रास्ता साफ हो गया है।
पहले भी खुले हैं कई नए कार्यालय
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर की पहल पर पिछले ढाई सालों में जयपुर डिस्कॉम क्षेत्र में पत्रकार कॉलोनी, शिकारपुरा, मुहाना मंडी, एनआरआई, शालीमार चौराहा और सीतापुरा सहित कई स्थानों पर नए बिजली कार्यालय शुरू किए जा चुके हैं। इससे उपभोक्ताओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिली है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *