आगरा की इस सड़क पर कभी पैदल मत चलना:रूसी महिला पर्यटक ने सोशल मीडिया पर शेयर किया असहज अनुभव

आगरा की इस सड़क पर कभी पैदल मत चलना:रूसी महिला पर्यटक ने सोशल मीडिया पर शेयर किया असहज अनुभव

आगरा में विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा और उनके अनुभव को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। यमुना किनारा रोड पर पैदल चलते समय एक विदेशी महिला पर्यटक ने खुद को असहज महसूस किया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पर्यटन नगरी की छवि और सड़क पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
जानकारी के अनुसार, इंस्टाग्राम हैंडल kira.suvorovaa से शेयर किए गए वीडियो में एक विदेशी महिला पर्यटक सड़क किनारे पैदल चलती नजर आ रही हैं। वीडियो में दावा किया गया है कि रास्ते में मौजूद कुछ लोग उन्हें लगातार घूरते और बीच-बीच में टोकते दिखाई दिए। महिला ने इस पूरे अनुभव को अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया।
वायरल वीडियो आगरा के यमुना किनारा रोड क्षेत्र का बताया जा रहा है। पोस्ट के कैप्शन में रूसी भाषा में लिखा गया कि, “हमने आगरा में दुकान तक पैदल चलने का सोचा, आप कभी ऐसा मत करना।” इसके बाद वीडियो तेजी से वायरल हो गया और लोगों ने इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं।
वीडियो पर आए एक कमेंट में किसी यूजर ने लिखा कि “रूस से आने वाले लोग भारत के गरीब इलाकों में ही क्यों जाते हैं?” इस पर विदेशी महिला ने जवाब देते हुए कहा कि वह आगरा के अलग-अलग इलाकों में गई थीं।
स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि ताजनगरी में देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं, ऐसे में इस तरह की घटनाएं शहर की अंतरराष्ट्रीय छवि को नुकसान पहुंचाती हैं। लोगों ने पर्यटकों के प्रति बेहतर व्यवहार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है।
हालांकि, इस मामले में अभी तक किसी प्रशासनिक या पुलिस कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *