NEET Exam Guidelines: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी 3 मई,2026 को देश भर में नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट यूजी 2026) का आयोजन करने जा रही है। इस साल 22 लाख से ज्यादा उम्मीदवार इस एग्जाम में शामिल होंगे। परीक्षा ऑफलाइन मोड (पेन और पेपर) में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी।
साथ ही अगर कोई कैंडिडेट ड्रेस कोड का पालन नहीं करता है तो उसे परीक्षा देने से रोका जा सकता है। परीक्षा से एक दिन पहले स्टूडेंट्स में स्ट्रेस और घबराहट होना आम बात है, लेकिन इस आखिरी समय में की गई एक छोटी सी गलती आपकी साल भर की मेहनत पर पानी फेर सकती है। इसलिए एग्जाम सेंटर पर जाने से पहले एनटीए की गाइडलाइंस और नियमों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है।
1. समय का रखें खास ध्यान
सबसे बड़ी गलती जो स्टूडेंट्स करते हैं वह है सेंटर पर देरी से पहुंचना। परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू होगी लेकिन स्टूडेंट्स को बहुत पहले रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है। गेट बंद होने के तय समय के बाद किसी भी छात्र को अंदर जाने की परमिशन नहीं मिलेगी, चाहे कारण कुछ भी हो। जो कैंडिडेट्स धार्मिक या पारंपरिक कपड़े (जैसे बुर्का या पगड़ी) पहन रहे हैं, उन्हें अनिवार्य रूप से दोपहर 12 बजकर 30 मिनट तक सेंटर पर पहुंचना होगा ताकि उनकी ठीक से चेकिंग हो सके।
2. ये डॉक्यूमेंट्स ले जाना बिल्कुल न भूलें
घर से निकलने से पहले अपनी फाइल दो बार चेक कर लें। इनके बिना परीक्षा हॉल में एंट्री नहीं मिलेगी:
- एडमिट कार्ड: एनटीए की वेबसाइट से डाउनलोड किए गए एडमिट कार्ड की साफ प्रिंटेड कॉपी।
- पासपोर्ट साइज फोटो: एक अतिरिक्त फोटो जो अटेंडेंस शीट पर चिपकाई जाएगी (यह वही फोटो होनी चाहिए जो एप्लीकेशन फॉर्म में लगाई गई थी)।
- वैध आईडी प्रूफ: कोई भी ओरिजिनल सरकारी पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड या पासपोर्ट। फोटोकॉपी मान्य नहीं होगी।
- पीडब्ल्यूडी सर्टिफिकेट: यदि कैंडिडेट इस कैटेगरी में आता है।
3. ड्रेस कोड में न करें कोई लापरवाही
एनटीए ने नकल रोकने के लिए सख्त ड्रेस कोड लागू किया है। इसे हल्के में लेना भारी पड़ सकता है:
लड़कियों के लिए ये ड्रेस कोड है
लड़कियों को हाफ स्लीव्स के हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। कपड़ों पर बड़े बटन, भारी कढ़ाई या बहुत ज्यादा जेबें नहीं होनी चाहिए। छात्राएं सामान्य ट्राउजर या लेगिंग्स पहन सकती हैं। प्लाजो और भारी डिजाइन या ज्यादा जेब वाली जींस पहनने की सख्त मनाही है। परीक्षा हॉल में बंद जूते या हाई हील्स पहनकर जाने की अनुमति नहीं है। छात्राओं को स्लिपर (चप्पल) या कम हील वाले सैंडल ही पहनने होंगे। किसी भी तरह की जूलरी जैसे झुमके, नोज पिन, अंगूठी, हार, कंगन या पायल पहनकर जाना पूरी तरह से मना है।
लड़कों के लिए है ये ड्रेस कोड
लड़कों को हाफ शर्ट या टीशर्ट पहननी होगी। फुल स्लीव्स वाली शर्ट पहनने की अनुमति नहीं है। कपड़ों में बड़े बटन नहीं होने चाहिए। लड़के साधारण पैंट या ट्राउजर पहन सकते हैं। बहुत ज्यादा जेब वाली पैंट या कार्गो जींस पहनने से बचें। परीक्षा केंद्र पर बंद जूते पहनकर जाना पूरी तरह मना है। लड़कों को केवल चप्पल या साधारण सैंडल पहनने की अनुमति है।
4. OMR Sheet भरते समय बरतें सावधानी
परीक्षा हॉल में पेन आपको सेंटर की तरफ से ही दिया जाएगा। ओएमआर शीट में अपना रोल नंबर और बुकलेट कोड बहुत ही सावधानी से भरें। जवाब के लिए गोले को पूरी तरह से गहरा करें। टिक (
) या क्रॉस (
) के निशान न लगाएं। एक से ज्यादा जवाबों पर निशान न लगाएं और कटिंग, ओवरराइटिंग करने से भी बचें। याद रखें कि इस परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग है, यानी हर गलत जवाब पर 1 अंक काटा जाएगा। इसलिए जिन सवालों के जवाब आपको बिल्कुल नहीं आते, उनमें तुक्का लगाने की गलती न करें।
5. इन चीजों पर है पूरी तरह पाबंदी
परीक्षा हॉल के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, पर्स, बेल्ट, गॉगल्स (धूप का चश्मा), पेन, पेंसिल बॉक्स और खाने पीने की कोई भी चीज ले जाना सख्त मना है। पानी की बोतल भी केवल पारदर्शी ही ले जा सकते हैं। कैंडिडेट्स को सलाह दि जाती है कि, परीक्षा हॉल में पेपर मिलते ही उसे ध्यान से पढ़ें और सबसे पहले उन सवालों को हल करें जिनके जवाब आपको पूरी तरह से आते हों। टाइम मैनेजमेंट का खास ध्यान रखें और किसी एक मुश्किल सवाल पर ज्यादा वक्त बर्बाद न करें।


